फाइनल में त्रिनबागो नाइट राइडर्स, सेंट लूसिया को 56 रन से हराया
त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल में धमाकेदार एंट्री कर ली है। शनिवार को खेले गए क्वालीफायर-2 मुकाबले में इस टीम ने सेंट लूसिया किंग्स को 56 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

अब 21 सितंबर को खिताबी भिड़ंत में त्रिनबागो का सामना गुयाना अमेजन वॉरियर्स से होगा। प्रोविडेंस स्टेडियम में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने 4 विकेट पर 194 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कॉलिन मुनरो केवल 6 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान निकोलस पूरन और एलेक्स हेल्स ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 73 रन की साझेदारी की।
पूरन ने 32 गेंदों पर 4 छक्के और 5 चौकों की मदद से 50 रन बनाए। फिर हेल्स ने कीरोन पोलार्ड के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पोलार्ड ने 26 गेंदों पर 35 रन बनाए, जबकि एलेक्स हेल्स 44 गेंदों में 4 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 58 रन बनाकर पिच पर डटे रहे।
सेंट लूसिया की ओर से खारी पियरे, रोस्टन चेज और अल्जारी जोसेफ को एक-एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट लूसिया किंग्स की शुरुआत तो अच्छी रही।
जॉनसन चार्ल्स और टिम सेफर्ट की सलामी जोड़ी ने 9 ओवरों में 59 रन जोड़े। लेकिन जॉनसन केवल 17 रन बनाकर आउट हो गए। टिम सेफर्ट ने 40 गेंदों में 1 छक्का और 8 चौकों की मदद से 57 रन की पारी खेली। टिम डेविड ने 28 रन जोड़े, लेकिन बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 138 रन ही बना सकी।
त्रिनबागो से गेंदबाजी में उस्मान तारिक ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। सुनील नरेन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि कीरोन पोलार्ड को एक सफलता मिली। अब सबकी निगाहें 21 सितंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां त्रिनबागो नाइट राइडर्स और गुयाना अमेजन वॉरियर्स के बीच खिताबी जंग होगी।