अभिषेक- गिल की साझेदारी, भारत ने पाकिस्तान को सुपर चार में हराया
भारत ने एशिया कप के सुपर फोर मैच में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया। सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत ने इस टूर्नामेंट में लगातार चौथा मैच जीता है।

पाकिस्तान के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करने आये भारत ने अभिषेक (74 रन, 39 गेंद, छह चौके, पांच छक्के) और गिल (47 रन, 28 गेंद, आठ चौके) के बीच पहले विकेट की 105 रन की साझेदारी की बदौलत सात गेंद शेष रहते चार विकेट पर 174 रन बनाकर जीत दर्ज की।
तिलक वर्मा ने भी 19 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से नाबाद 30 रन की पारी खेली। पाकिस्तान से हारिस राऊफ (26 रन पर दो विकेट) और फहीम अशरफ (31 रन पर एक विकेट) ने प्रभावी गेंदबाजी की, अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके।
लक्ष्य का पीछा करने आये भारत को अभिषेक और शुभमन ने तूफानी शुरुआती दिलाई। दोनों ने पावर प्ले में 69 रन जोड़े। अभिषेक ने शाहीन शाह अफरीदी की पारी की पहली गेंद पर छक्का जड़ा। गिल ने भी अगले ओवर में ऑफ स्पिनर सईम अयूब पर दो चौके मारे।
अभिषेक नौ रन पर भाग्यशाली रहे जब शाहीन की गेंद पर नवाज उनका मुश्किल कैच लपकने में नाकाम रहे। गिल ने इसी ओवर में दो चौके मारे। अभिषेक ने लेग स्पिनर अबरार अहमद (42 रन पर एक विकेट) का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया और राऊफ की गेंद पर दो रन के साथ पांचवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।
गिल ने छठे ओवर में अयूब पर दो चौके मारे जबकि अभिषेक ने भी चौका जड़ा। अभिषेक ने अगले ओवर में अबरार पर दो छक्के मारे और इस दौरान लॉन्ग ऑन पर फखर जमां ने उनका कैच भी टपकाया। उन्होंने अयूब पर चौके के साथ 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। अभिषेक और गिल ने नौवें ओवर में भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
तेज गेंदबाज फहीम ने गिल को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। हारिस राऊफ ने सूर्यकुमार यादव को थर्ड मैन पर अबरार के हाथों कैच कराके भारत को दूसरा झटका दिया। भारतीय कप्तान खाता भी नहीं खोल पाए।
अभिषेक ने फहीम पर दो चौकों के साथ दबाव कम किया। उन्होंने अबरार पर लॉन्ग ऑन के ऊपर से लंबा छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर लॉन्ग ऑन पर ही राउफ को कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर तीन विकेट पर 123 रन हो गया। संजू सैमसन और वर्मा ने मोर्चा संभाला। सैमसन ने फहीम जबकि वर्मा ने शाहीन पर चौका जड़ा।
भारत को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 32 रन की जरुरत थी। अबरार के 16वें ओवर में सिर्फ पांच रन बने जबकि अगले ओवर में राऊफ ने सैमसन को बोल्ड कर दिया। हार्दिक पांड्या आते ही राउफ पर चौका जड़ा। भारत को अंतिम तीन ओवर में 19 रन की जरूरत थी।
वर्मा ने फहीम पर छक्के के बाद और शाहीन की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ भारत की जीत पक्की की। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। फरहान मैच की तीसरी ही गेंद पर भाग्यशाली रहे जब पंड्या की गेंद पर थर्ड मैन पर अभिषेक शर्मा ने उनका कैच टपका दिया।
फखर जमां (15) ने बुमराह पर लगातार दो चौके जड़कर तेवर दिखाए जबकि हार्दिक की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए। वह हालांकि अगली गेंद पर विकेटकीपर संजू सैमसन को कैच दे बैठे। सईम अयूब ने पांड्या पर चौके से खाता खोला, जबकि फरहान ने भी बुमराह पर दो चौके मारे।
अयूब अगले ओवर में भाग्यशाली रहे जब वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर कुलदीप उनका आसान कैच लपकने में नाकाम रहे। फरहान ने बुमराह पर दो और चौके मारे जिससे पाकिस्तान ने पावर प्ले में एक विकेट पर 55 रन बनाए। फरहान ने चक्रवर्ती पर पारी का पहला छक्का जड़ा जबकि कुलदीप पर भी छक्का मारा।
अयूब ने भी कुलदीप की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए। फरहान ने अक्षर पर छक्के के साथ 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। दुबे ने अयूब को अभिषेक के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा।
पाकिस्तान के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ। बाउंड्री के सूखे के बीच हुसैन तलत (10) कुलदीप की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में शॉर्ट थर्ड मैन पर चक्रवर्ती को कैच दे बैठे।
फरहान भी दुबे की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में गेंद को हवा में लहरा गए और मिड ऑफ पर सूर्यकुमार ने आसान कैच लपका जिससे पाकिस्तान का स्कोर चार विकेट पर 115 रन हो गया।
फरहान ने 45 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और पांच चौके मारे। मोहम्मद नवाज ने दुबे पर छक्के और चौके के साथ रन गति में इजाफा करने का प्रयास किया लेकिन रन आउट हो गए। फहीम अशरफ ने आते ही बुमराह पर छक्का जड़ा और 19वें ओवर में टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।
दोनों टीम के बीच लीग मैच की तरह टॉस के समय सूर्यकुमार और उनके पाकिस्तानी समकक्ष सलमान आगा ने हाथ नहीं मिलाए। जिम्बाब्वे के एंडी पाइक्रॉफ्ट मैच रैफरी के रूप में बरकरार हैं और टॉस के समय मौजूद थे। दोनों कप्तानों ने अपनी-अपनी टीम की शीट पाइक्रॉफ्ट को सौंपी जिन्होंने टॉस से पहले कप्तानों के साथ शीट का आदान-प्रदान किया।