Trending

मानव सुथार का स्पिन तांडव, ऑस्ट्रेलिया ए की पारी पर लगा ब्रेक

भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच हो रहे अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार ने अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

Tanuj Pandey/UPCA

इकाना स्टेडियम की पिच पर सुथार ने पहली ही पारी में पांच विकेट झटके और कंगारुओं की बल्लेबाजी को पूरी तरह तोड़ दिया। सुथार ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ऑलिवर पिक, कूपर कॉनली और विकेटकीपर बल्लेबाज जॉश फिलिपे जैसे अहम विकेट झटके।

उनके स्पेल ने कंगारू बल्लेबाजी क्रम को घुटनों पर ला दिया। इस प्रदर्शन से मानव ने एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

राजस्थान की घरेलू टीम से खेलने वाले मानव सुथार अब भारतीय क्रिकेट में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने अब तक 14 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं, जिसमें 24.44 के औसत से 65 विकेट हासिल किए हैं। उनका गेंदबाजी एक्शन पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी से काफी मेल खाता है।

पिछले साल एशिया कप से पहले अलूर कैंप में मानव ने टीम इंडिया के सीनियर बल्लेबाजों को अपनी स्पिन से खासा परेशान किया था। इसी साल उन्होंने आईपीएल में गुजरात टाइटंस की ओर से डेब्यू किया, हालांकि उन्हें केवल एक मैच खेलने का मौका मिला।

मानव भारतीय अंडर-19 और इंडिया ए टीम का हिस्सा रह चुके हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 15 विकेट जबकि टी-20 क्रिकेट में अब तक 4 विकेट दर्ज हैं। छोटे से करियर में ही उन्होंने अपने खेल से साबित कर दिया है कि वह आने वाले समय में भारत के लिए बड़ी भूमिका अदा कर सकते हैं।