Trending

महिला वनडे रैंकिंग : स्मृति मंधाना टॉप पर, दीप्ति शर्मा टॉप 5 गेंदबाजों में शामिल

भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा मंगलवार को ताजा आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाकर गेंदबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गईं।

साभार : गूगल

भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के दम पर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल करते हुए बल्लेबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान बनाए रखा है। स्मृति ने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में दो शानदार शतक लगाए।

हालांकि भारत यह सीरीज 1-2 से हार गया, लेकिन स्मृति ने 818 रेटिंग अंकों के साथ अपने करियर की सर्वोच्च रैंकिंग हासिल कर ली। ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा ने इस सीरीज में दो विकेट चटकाए, जिससे उनकी गेंदबाजी रेटिंग 651 अंकों तक पहुंच गई और वह रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर आ गईं।

दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज अयाबोंगा खाका ने पाकिस्तान के खिलाफ लाहौर में 36 रन देकर दो विकेट लेकर तीन स्थान की छलांग लगाई और अब वह 15वें स्थान पर हैं। भारत की क्रांति गौड़ ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार शुरुआत करते हुए 23 स्थान की छलांग के साथ 39वें स्थान पर जगह बनाई है।

वहीं इंग्लैंड की सोफी एकलेस्टोन 795 रेटिंग अंकों के साथ विश्व कप से पहले टॉप वनडे गेंदबाज बनी हुई हैं और उनके पास दूसरे स्थान पर मौजूद गेंदबाज से 85 अंकों की बढ़त है। बल्लेबाजी रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स ने भी शानदार छलांग लगाई है।

लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दो नाबाद शतक जड़ते हुए उन्होंने 15 स्थान की छलांग लगाकर छठा स्थान हासिल किया। साल 2025 में उनका बल्लेबाजी औसत 91.85 और स्ट्राइक रेट 94.14 रहा है, जिसमें उन्होंने 643 रन बनाए हैं। सितंबर 2023 में वह 73वें स्थान पर थीं, लेकिन तब से लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उन्होंने टॉप 10 में जगह बना ली है।

पाकिस्तान की बल्लेबाज सिदरा अमीन ने भी तीन मैचों में नाबाद 121, 122 और नाबाद 50 रन की पारियों के दम पर 10 स्थान की छलांग लगाई है। उनके अब 636 रेटिंग अंक हो गए हैं, जो उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग है। वह अब 13वें स्थान पर हैं और टॉप 10 में शामिल होने के लिए उन्हें केवल 19 अंक की जरूरत है।

ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी 727 अंकों के साथ दो स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं, लेकिन स्मृति मंधाना उनसे अब भी काफी आगे बनी हुई हैं। ऑस्ट्रेलिया की ही जॉर्जिया वोल ने 28 स्थान की छलांग लगाते हुए 61वें स्थान पर जगह बनाई, जबकि पाकिस्तान की नतालिया परवेज 54 स्थान ऊपर चढ़ गईं।

ऑलराउंडर रैंकिंग की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका की मारिजान कैप ने लगातार शतकों और दो विकेट के प्रदर्शन से वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है और अब वह ऑस्ट्रेलिया की ऐश गार्डनर के काफी करीब पहुंच गई हैं।

ताहलिया मैकग्रा ने भी दमदार गेंदबाजी करते हुए नौ स्थान की छलांग लगाकर ऑलराउंडर रैंकिंग में 30वां स्थान हासिल किया है।