Trending

बैकस्ट्रोक से फ्रीस्टाइल की ओर बढ़ते कदम : नटराज का नया सफर

भारत के स्टार बैकस्ट्रोक तैराक श्रीहरि नटराज ने हाल ही में बोला है कि अब उनका ध्यान फ्रीस्टाइल इवेंट्स पर अधिक केंद्रित है, खासकर 100 और 200 मीटर की दूरी पर, जहां उन्होंने बिना किसी विशेष प्रशिक्षण के भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।

साभार : गूगल

नटराज 28 सितंबर से 11 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली एशियाई एक्वाटिक चैंपियनशिप में पदक के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “बैकस्ट्रोक हमेशा से मेरी मुख्य स्पर्धा रही है, लेकिन इस साल मेरा ध्यान फ्रीस्टाइल पर ज्यादा है, खासकर 100 और 200 मीटर पर।”

उन्होंने आगे बताया, “मैंने देखा है कि बिना विशेष तैयारी के भी मेरी फ्रीस्टाइल टाइमिंग हर साल बेहतर हो रही है। इससे हमें इस सीजन में प्राथमिकताएं तय करने में काफी मदद मिली है।”

नटराज ने इस साल एफआईएसयू विश्व यूनिवर्सिटी खेलों में 100 मीटर फ्रीस्टाइल में 49.46 सेकंड का समय निकालकर एशियाई खेलों के पदक विजेता वीरधवल खाड़े का 17 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड (49.47 सेकंड) तोड़ा था। उन्होंने 200 मीटर फ्रीस्टाइल में भी 1 मिनट 48.11 सेकंड का समय दर्ज किया, जो अब तक का किसी भारतीय द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

दो बार ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके नटराज इस समय राष्ट्रीय शिविर में अभ्यास कर रहे हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि घरेलू मैदान पर खेलने से क्या कोई अतिरिक्त लाभ मिलेगा, तो उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह मायने नहीं रखता कि मैं कहां खेल रहा हूं।

मैंने कई बार ऐसे पूल्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है जहां मैंने पहली बार तैराकी की, जैसे इस साल की शुरुआत में जर्मनी में। चाहे हमें स्थानीय पूल का अनुभव हो या न हो, अंत में पूल तो बस एक पूल होता है—हमें तो सिर्फ एक लेन चाहिए होती है।”