Trending

एशिया कप फाइनल : भारत का जलवा, पाकिस्तान को हराकर 9वीं बार चैंपियन बना, पीएम मोदी और सीएम योगी ने दी बधाई

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2025 के रोमांचक फाइनल मैच में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर इतिहास रच दिया।

@BCCI

यह एशिया कप के 41 साल के इतिहास में पहली बार था जब भारत और पाकिस्तान की टीमें फाइनल में आमने-सामने थीं, और इस ऐतिहासिक टक्कर में टीम इंडिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, जो पूरी तरह से भारत के पक्ष में गया।

पाकिस्तान 19.1 ओवर में 146 रन पर ढेर हो गई। भारत से कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने एक ओवर में ही तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी — पहले सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और ओवर की अंतिम गेंद पर फहीम अशरफ को पवेलियन भेजा।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी ने कहा, “खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर, परिणाम वही रहा- भारत जीत गया। हमारे क्रिकेटर्स को बधाई।”

जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को 2-2 सफलताएं मिलीं। पाकिस्तान से साहिबजादा फरहान ने सबसे ज्यादा रन बनाए और टीम को किसी तरह सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत में कुछ विकेट जरूर गंवाए, लेकिन तिलक वर्मा ने एक छोर संभाले रखा और नाबाद 69 रन की बेहतरीन पारी खेली।

उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 5 विकेट रहते लक्ष्य को हासिल कर लिया और लगातार सातवां मैच जीतते हुए टूर्नामेंट का समापन खिताबी जीत के साथ किया। फाइनल मुकाबले से पहले भारत को एक झटका तब लगा जब हार्दिक पंड्या चोट के चलते प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए। उनकी जगह रिंकू सिंह को टीम में शामिल किया गया।

भारत की इस शानदार जीत पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मैदान’ कोई भी हो, विजय सदा भारत की ही होगी…भारतीय क्रिकेट टीम के प्रत्येक खिलाड़ी का हार्दिक अभिनंदन! जय हिंद

पंड्या पिछले मैच में गेंदबाजी के दौरान चोटिल हो गए थे और मैदान छोड़कर बाहर चले गए थे। टीम इंडिया ने एशिया कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 7 मुकाबले जीते और किसी भी टीम से हार का सामना नहीं किया।

पाकिस्तान को टूर्नामेंट में दो बार हार झेलनी पड़ी — दोनों बार उसे भारत ने ही हराया। इस जीत के साथ भारत ने 9वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया और एक बार फिर एशियाई क्रिकेट में अपनी बादशाहत साबित की।