वेस्टइंडीज की बड़ी बेइज्जती, नेपाल ने 90 रन से हराकर सीरीज भी छीनी
वेस्टइंडीज टीम जो दो बार की टी20 विश्व कप विजेता है और दो बार वनडे विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी है, इन दिनों टीम का प्रदर्शन काफी घटिया स्तर का दिख रहा है।

वेस्टइंडीज को नेपाल टीम ने एक नहीं, बल्कि लगातार दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में हराया है। इसी के साथ नेपाल ने 3 मैचों की सीरीज पर भी कब्जा कर लिया है। इस तरह विश्व पटल पर वेस्टइंडीज की नाक कट गई है, क्योंकि नेपाल की टीम पहली बार किसी फुल मेंबर नेशन के सामने टी20 सीरीज जीती है।
वेस्टइंडीज की हार भी कोई छोटी-मोटी हार नहीं है, बल्कि 90 रनों के अंतर से नेपाल ने हराया है। पिछले मैच में 19 रनों से नेपाल जीती थी तो हर किसी को लग रहा था कि ये तुक्का है, क्योंकि किसी भी बड़ी टीम का एक दिन खराब जा सकता है, लेकिन इस हार के दो दिन बाद फिर से नेपाल ने वेस्टइंडीज को धराशायी कर सनसनी मचा दी।
नेपाल ने शारजाह में खेले गए दूसरे टी20 में 20 ओवर में 6 विकेट पर 173 रन बनाए थे। वहीं, 174 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 83 रनों पर ढेर हो गई। ऐसा भी नहीं है कि वेस्टइंडीज के पास अच्छे या अनुभवी खिलाड़ी नहीं है, क्योंकि उनके पास दिग्गज ऑलराउंडर जेसन होल्डर टीम में हैं। कप्तान अकील हुसैन के पास अनुभव है।
इनके अलावा भी कई प्लेयर ऐसे हैं, जिनको 40 और 50 से ज्यादा इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। बावजूद इसके वे नेपाल जैसी टीम से हार गए।
नेपाल के लिए आसिफ शेख ने 47 गेंदों में 68 रनों की पारी खेली, जबकि संदीप जोरा ने 39 गेंदों में 63 रन बनाए। वेस्टइंडीज का कोई भी बल्लेबाज 21 रनों से ज्यादा की पारी नहीं खेल पाया। नेपाल के लिए 4 विकेट मोहम्मद आदिल आलम ने चटकाए।