Trending

रविचंद्रन अश्विन को मिलेगी बिग बैश लीग में विशेष सुरक्षा व्यवस्था

रविचंद्रन अश्विन को बिग बैश लीग की टीम सिडनी थंडर द्वारा निजी सुरक्षा दी जाएगी, क्योंकि ओलंपिक एरेना मैदान पर टीम के अभ्यास सत्र के दौरान भारतवंशी क्रिकेटप्रेमियों के भारी जुटाव की संभावना है।

@ThunderBBL

अपने साथ अश्विन निजी टीम भी लेकर आयेंगे जो उनके यूट्यूब चैनल के लिये सिडनी थंडर के साथ उनके बीबीएल के सफर को रिकॉर्ड करेगी। पिछले साल बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के दौरान एडीलेड ओवल पर टीम इंडिया के अभ्यास सत्र को देखने के लिये करीब 5000 भारतीय प्रशंसक पहुंच गए थे जिससे सुरक्षा का मसला खड़ा हो गया था।

बीबीएल टीम इससे बचना चाहती है। रिपोर्ट के अनुसार,‘‘ भारत के अनुभवी स्पिनर के अभ्यास करने और खेलने के दौरान सुरक्षा का मसला हो सकता है।

न्यू साउथ वेल्स में सिडनी ओलंपिक पार्क खुला मैदान है जहां भारतीय प्रशंसक अभ्यास के दौरान अश्विन को घेर सकते हैं।’’ इसमें बताया गया ,‘‘ सिडनी थंडर ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया से बात की है कि भारत के इस बेहद लोकप्रिय क्रिकेटर की सुरक्षा के क्या उपाय होने चाहिये। अश्विन को आस्ट्रेलिया में निजी सुरक्षा दी जा सकती है।’’

अश्विन जनवरी में तीन से पांच मैच खेलेंगे और अगर सिडनी थंडर क्वालीफाई करती है तो फाइनल भी खेलेंगे। क्रिस गेल को सिडनी थंडर के साथ खेलने के दौरान रहने के लिये आलीशान पेंटहाउस दिया गया था।

यह पूछने पर कि क्या अश्विन को भी दिया जायेगा, टीम के महाप्रबंधक ट्रेंट कोपलैंड ने कहा ,‘‘ हम सुनिश्चित करते हैं कि उन्हें और सभी विदेशी खिलाड़ियों को यहां बिताये गए अपने समय का पूरा आनंद आयेगा।’’