Trending

भारतीय शेरनियों ने फिर दिखाया दम, पाकिस्तान को 88 रन से हराया

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एक बार फिर पाकिस्तान पर शानदार जीत के साथ अपनी श्रेष्ठता को साबित किया। रविवार को हुए महिला वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 88 रन से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल की और अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई।

@ICC

टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में 247 रन बनाए। हरलीन देओल ने 46 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना (23) और जेमिमा रॉड्रिग्ज (32) ने अहम योगदान दिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान 43 ओवर में 159 रन बनाकर ढेर हो गई। सिदरा अमीन ने 81 रनों की पारी खेली, लेकिन उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला। भारत से क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट लिए, जबकि स्नेह राणा को 2 विकेट मिले। यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ विमेंस वनडे में लगातार 12वीं जीत है।

दोनों टीमों के बीच इस फॉर्मेट में अभी तक 12 मुकाबले हुए हैं और सभी में भारत ने बाज़ी मारी है। वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमें 5 बार आमने-सामने आ चुकी हैं — और पांचों बार भारत विजेता रहा है।

तेज गेंदबाज़ क्रांति गौड़ को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने सिर्फ 20 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जिनमें सदफ शमास (6), आलिया रियाज़ (2) और नतालिया परवेज (33) थीं।

टॉस के दौरान दिलचस्प वाकया देखने को मिला। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सिक्का उछाला, पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने “टेल्स” कहा, लेकिन सिक्का “हेड्स” गिरा। दक्षिण अफ्रीका की रेफरी शांद्रे फ्रिट्ज़ ने गलती से फातिमा की कॉल को “हेड्स” सुन लिया और पाकिस्तान को टॉस विजेता घोषित कर दिया।

टॉस के बाद हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तानी कप्तान से हाथ नहीं मिलाया। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में पुरुष एशिया कप में भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ मिलाने से मना किया था।

उस टूर्नामेंट में भारत ने पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से भी मना कर दिया था। क्रिकेट में यह चौथा रविवार था जब भारत ने पाकिस्तान को हराया। इससे पहले 14, 21 और 28 सितंबर को पुरुष एशिया कप के तीनों मुकाबलों में भारत ने पाकिस्तान को हराया था।