बार्सीलोना की एक और हार, सेविला से 1-4 से पिटी टीम
बार्सीलोना को रविवार को यहां स्पेनिश फुटबॉल लीग में सेविला के खिलाफ 1-4 से हार मिली, जो उसकी लगातार दूसरी हार है। मैच के दौरान बार्सीलोना के लेमिन यमाल चोटिल हो गए जबकि स्टार रॉबर्ट लेवानदोवस्की पेनल्टी पर गोल करने से चूक गए।

चैंपियन्स लीग में पेरिस सेंट जर्मेन के खिलाफ हार के बाद सेविला के खिलाफ मिली हार से बार्सीलोना को अंतरराष्ट्रीय ब्रेक के दौरान कई सवालों के जवाब खोजने होंगे।
इस नतीजे के बाद रीयाल मैड्रिड की टीम अंक तालिका के शीर्ष पर है। टीम ने बार्सीलोना पर दो अंक की बढ़त बना रखी है जो सेविला के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रतियोगिता में अजेय थी।
मैड्रिड ने शनिवार को विलारीयाल को 3-1 से हराया था। अन्य मुकाबलों में एटलेटिको मैड्रिड ने सेल्टा विगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला जबकि एल्वेस ने एल्शे को 3-1, रीयाल बेतिस ने एस्पानयोल को 2-1 और रेयो वालेकानो ने रीयाल सोसीदाद को 1-0 से हराया।