एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में 11 साल बाद महिला वनडे की वापसी
भारतीय महिला टीम को विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दो अहम मुकाबलों में पिच से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौजूदा टूर्नामेंट में टीम की बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन बल्लेबाज़ों के लिए अनुकूल मानी जा रही एसीए-वीडीसीए स्टेडियम की पिच उनके आत्मविश्वास को बढ़ा सकती है।

भारत 9 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका और 12 अक्टूबर को गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। ये मुकाबले विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में होंगे, जो 11 साल बाद किसी महिला वनडे मैच का आयोजन कर रहा है। इस मैदान पर आखिरी महिला वनडे मैच 23 जनवरी 2014 को भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था।
आंध्र क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि, “अगर आप आईपीएल समेत हाल के कुछ मुकाबलों पर गौर करें तो यह पिच बल्लेबाज़ों के लिए काफी मददगार रही है। हालांकि अगर ओस नहीं गिरी तो जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिन गेंदबाज़ों को भी मदद मिल सकती है।”
विशाखापत्तनम का यह मैदान आम तौर पर बड़े स्कोरों के लिए जाना जाता है। यहां पुरुषों के टी20 और वनडे मैचों में कई बार 200 से अधिक का स्कोर बना है। 2019 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 387 रन बनाए थे, जो इस स्टेडियम का सर्वोच्च वनडे स्कोर है।
यहां अब तक 320 से अधिक स्कोर चार बार और 280 से 299 रन के बीच का स्कोर छह बार बन चुका है। भारतीय महिला टीम के लिए यह अच्छी खबर है, क्योंकि उन्हें इस टूर्नामेंट में अपेक्षित बल्लेबाज़ी लय नहीं मिल पाई है। गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ 269 रन और कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ 247 रन बनाना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा था।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 12 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले से पहले एसीए-वीडीसीए स्टेडियम के स्टैंड्स का नाम दो महिला क्रिकेटरों — मिताली राज और रवि कल्पना — के नाम पर रखा जाएगा। यह फैसला भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना द्वारा अगस्त में ‘ब्रेकिंग द बाउंड्रीज़’ कार्यक्रम के दौरान आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश को दिए गए सुझाव के आधार पर लिया गया।
एसीए ने बयान में कहा, “मिताली राज और रवि कल्पना को यह सम्मान भारतीय महिला क्रिकेट में उनके योगदान और अगली पीढ़ी की क्रिकेटरों को प्रेरित करने के लिए दिया जा रहा है।” मिताली राज ने 232 वनडे में 7 शतकों से 7805 रन बनाए।
उन्होंने 89 टी20 में 17 अर्धशतक के साथ 2364 रन और 12 टेस्ट में 699 रन बनाए। उन्होंने 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया।
रवि कल्पना ने भले ही 2015 और 2016 के बीच सिर्फ 7 वनडे मैच खेले हों, लेकिन उनकी मौजूदगी ने आंध्र प्रदेश की कई महिला खिलाड़ियों अरुंधति रेड्डी, एस मेघना और एन श्री चरणी को प्रेरित किया।