इहसानुल्लाह की बड़ी डींग: अभिषेक शर्मा मेरी गेंदों का सामना नहीं कर पाएंगे
आईसीसी टी-20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को लेकर पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ इहसानुल्लाह ने बड़ा बयान दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में इहसानुल्लाह कहते नजर आ रहे हैं कि अगर उन्हें मौका मिले, तो वह अभिषेक शर्मा को 3 से 6 गेंदों के भीतर ही आउट कर सकते हैं। उनका यह दावा फैंस के बीच चर्चा का विषय बना है।
इस दौरान उन्होंने उस रणनीति के बारे में भी बताया जिसके जरिए वह भारतीय स्टार बल्लेबाज को अपने जाल में फंसाएंगे। बता दें, इहसानुल्लाह एशिया कप में पाकिस्तान के स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने हाल ही में अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया है। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 1 वनडे और 4 टी20 खेले हैं।
अभिषेक शर्मा ने एशिया कप के सात मैचों में 200 के करीब स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए, वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के साथ-साथ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी भी रहे।

फिर भी, 2023 पाकिस्तान सुपर लीग में 152.65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने के लिए मशहूर हुए इहसानुल्लाह का मानना है कि वह दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज को हिला सकते हैं। वायरल वीडियो में इहसानुल्लाह ने कहा हैं कि, “अगर मुझे भारत के खिलाफ खेलने का मौका मिला तो मैं अभिषेक शर्मा को 3-6 गेंदों में आउट कर दूंगा।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरी 140 (किमी प्रति घंटा) की रफ्तार उसे 160 जैसी लगेगी। वह उनका अंदाजा नहीं लगा पाएगा। मैं बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों को इनस्विंगर देता हूं, और उसे ऐसी गेंदों से जूझना पड़ा है — इसीलिए मैं ऐसा कह रहा हूं। मैं बाएं हाथ के बल्लेबाजों के दाएम कंधे पर अपनी बाउंसर लगाता हूम। और मेरी बाउंसर बहुत असरदार होती हैं।”
भारत और पाकिस्तान की अगली भिड़त तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होगी, अब देखने वाली बात यह है कि इहसानुल्लाह को उस दौरान पाकिस्तान के स्क्वॉड में जगह मिलेगी या नहीं। वह अगर वर्ल्ड कप टीम में ही नहीं हुए तो अभिषेक शर्मा का सामना कैसे करेंगे।