क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का अनोखा फैसला, फैंस को मिलेगा मुफ्त में बॉल रखने का मौका
क्रिकेट प्रशंसक मोटी रकम खर्च करके मैच की टिकट खरीदते हैं और स्टेडियम में बैठकर खेल का मज़ा लेते हैं। वहां उन्हें सिर्फ पीने का पानी ही मुफ्त में मिलता है। आमतौर पर दर्शकों को स्टेडियम से कुछ भी साथ ले जाने की अनुमति नहीं होती, खासकर मैच से जुड़ी चीज़ें तो किसी भी कीमत पर नहीं दी जातीं।
लेकिन अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक नया नियम लागू करने का फैसला किया है — जिसके तहत फैंस को करीब 20 हजार रुपये की कीमत वाली गेंद (बॉल) बिल्कुल फ्री में घर ले जाने का मौका मिलेगा। दरअसल, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश लीग के मेंस एंड वुमेंस एडिशन के लिए एक स्पेशल रूल लाने का फैसला किया है।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड ने ऐलान किया है कि अगर बीबीएल और डब्ल्यूबीबीएल के मैच की किसी भी पारी में पहले ओवर में अगर गेंद फैंस के पास जाती है और जो फैन उसे पकड़ता है, वह गेंद को अपने साथ अपने घर लेकर जा सकता है।

फैन चाहे गेंद को कैच पकड़े या फिर चौका या छक्का जाने पर गेंद उसके पास जाए तो उस गेंद को वह अपने साथ लेकर जा सकता है। अभी तक नियम ये था कि फैन्स को गेंद वापसी करनी होती थी, लेकिन बीबीएल और डब्ल्यूबीबीएल में पहले ओवर में अब ऐसा देखने को नहीं मिलेगा।
अब आप सोच रहे होंगे कि सिर्फ पहले ओवर के लिए ये रूल क्यों है तो इसका जवाब है कि उस समय गेंद नई होती है। अगर उसके बाद के ओवर में गेंद को फैन्स लेंगे तो फिर नई गेंद लाई जाएगी, जिससे सामने टीम को फायदा या नुकसान हो सकता है, क्योंकि नई गेंद आपको आसानी से मिल जाएगी, लेकिन उदाहरण के तौर पर अगर 10वें ओवर पुरानी गेंद वापसी नहीं मिलेगी तो फिर 10 ओवर पुरानी गेंद आसानी से नहीं मिलेगी।
इसी से बचने के लिए सिर्फ पहले ओवर के लिए ये नियम लागू किया है। बीबीएल या अन्य किसी प्रीमियर व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में जिस गेंद का इस्तेमाल होता है वह कूकाबुर्रा की गेंद होती है।
कूकाबुर्रा की व्हाइट बॉल की कीमत करीब 20 हजार रुपये है। किसी भी मैच की पहली पारी में अगर किसी फैन को वह गेंद मिल गई तो उसकी बल्ले-बल्ले हो जाएगी, क्योंकि उसको 20 हजार रुपये की बॉल फ्री में मिल जाएगी, जो एक गेंद से लेकर 6 गेंद पुरानी हो सकती है, क्योंकि ओवर में 6 ही गेंद होती हैं।