रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फ्रेंचाइजी बिक्री के लिए तैयार, डियाजियो ने शुरू की रणनीतिक समीक्षा
आईपीएल और डब्ल्यूपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आधिकारिक तौर पर बिकने के लिए तैयार है। फ्रैंचाइजी के मालिक, डियाजियो, 31 मार्च 2026 तक नए मालिक मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। आरसीबी के मालिकों ने बिक्री प्रक्रिया शुरू कर दी है और उन्होंने इसकी जानकारी सार्वजनिक कर दी है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को भेजे गए एक पत्र में, ब्रिटिश कंपनी ने इस प्रक्रिया को डियाजियो की सहायक कंपनी, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी, इन्वेस्टमेंट रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की रणनीतिक समीक्षा बताया है।
रिपोर्ट के अनुसार, बयान में कहा गया है, “यूएसएल अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी आरसीएसपीएल में निवेश की रणनीतिक समीक्षा शुरू कर रही है।

आरसीएसपीएल के कारोबार में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फ्रेंचाइजी टीम का स्वामित्व शामिल है, जो बीसीसीआई द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले पुरुष इंडियन प्रीमियर लीग और महिला प्रीमियर लीग में भाग लेती है।”
आरसीबी की मेंस और वुमेंस दोनों टीमों के लिए यह प्रक्रिया शुरू की जाएगी और यूएसएल ने अपने खुलासे में आगे बताया है कि उसे उम्मीद है कि यह प्रक्रिया 31 मार्च, 2026 तक पूरी हो जाएगी।
यूएसएल के एमडी और सीईओ प्रवीण सोमेश्वर ने कहा है, “आरसीएसपीएल यूएसएल के लिए एक मूल्यवान और रणनीतिक संपत्ति रही है।
हालांकि, यह हमारे अल्कोहल-पेय व्यवसाय के लिए महत्वपूर्ण नहीं है।” सोमेश्वर ने आगे कहा कि यह कदम यूएसएल और डियाजियो की अपने भारतीय उद्यम पोर्टफोलियो की समीक्षा जारी रखने की प्रतिबद्धता को मजबूत करने के लिए है, ताकि सभी हितधारकों को दीर्घकालिक मूल्य की निरंतर डिलीवरी संभव हो सके, साथ ही आरसीएसपीएल के सर्वोत्तम हित को भी ध्यान में रखा जा सके।