Trending

स्पिनरों की शानदार गेंदबाजी, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया

क्वींसलैंड में खेले गए चौथे टी20 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई। यह जीत भारतीय स्पिनरों की बेहतरीन गेंदबाजी और शीर्ष क्रम की जिम्मेदार बल्लेबाजी का नतीजा रही।

टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला करने वाली ऑस्ट्रेलिया के सामने भारत ने 8 विकेट पर 167 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। शुभमन गिल (46) और अभिषेक शर्मा (28) ने टीम को ठोस शुरुआत दी। मध्य क्रम में शिवम दुबे (22) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (20) ने रन जोड़े, जबकि अंत में अक्षर पटेल ने नाबाद 21 रन की उपयोगी पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एलिस सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। एडम जम्पा को भी 3 विकेट मिले, लेकिन उन्होंने 4 ओवर में 45 रन खर्च कर दिए। 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने बेबस दिखी और 18.2 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई।

Cricket Australia/Getty Images

कप्तान मिशेल मार्श (30) और मैट शॉर्ट (25) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। आखिरी पाँच बल्लेबाज दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाए। भारत की जीत में स्पिनरों ने निर्णायक भूमिका रही। वाशिंगटन सुंदर ने 1.2 ओवर में 3 रन देकर 3 विकेट झटके। अक्षर पटेल ने 2 और वरुण चक्रवर्ती ने 1 विकेट लिया।

तेज गेंदबाजों में शिवम दुबे ने 2 विकेट जबकि अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट हासिल किया। बारिश से रद्द हुए पहले मैच के बाद भारत ने लगातार दो जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बनाई। अब शनिवार को होने वाला पाँचवां और निर्णायक टी20 मुकाबला सीरीज का विजेता तय करेगा।