तीन साल बाद डब्ल्यूटीए फाइनल में एरिना सबालेंका
विश्व नंबर एक एरिना सबालेंका ने कठिन दौर से गुजरने के बाद एक बार फिर साबित कर दिया कि वह बड़ी मंच की खिलाड़ी हैं। तीन साल बाद डब्ल्यूटीए फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में पहुंचीं सबालेंका ने सेमीफाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त अमांडा अनिसिमोवा को 6-3, 3-6, 6-3 से हराते हुए वापसी की कहानी लिखी।
अब फाइनल में सबालेंका का सामना कजाकिस्तान की एलेना रयबाकिना से होगा, जो पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाने में सफल रही हैं। छठी वरीयता प्राप्त रयबाकिना ने अपनी जबरदस्त सर्विस का जलवा दिखाते हुए 15 ऐस की मदद से विश्व की पांचवीं वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला को 4-6, 6-4, 6-3 से मात दी।
अनिसिमोवा के खिलाफ मुकाबले में सबालेंका ने शुरुआती सेट में नियंत्रण बनाया, लेकिन दूसरे सेट में लय बिगड़ गई। निर्णायक सेट में उन्होंने अनुभव और मानसिक मजबूती का परिचय देते हुए सातवें गेम में ब्रेक हासिल किया और वहीं से जीत की राह पर लौट आईं।

2022 की विंबलडन चैंपियन रयबाकिना टूर्नामेंट में अब तक अपराजित रही हैं। सेमीफाइनल में पहला सेट गंवाने के बावजूद उन्होंने शानदार वापसी की और अपने पहले ही मैच प्वाइंट को भुनाकर फाइनल में जगह पक्की की।