मणिपुर में बीजेपी नेता की हत्या, आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

मणिपुर के थौबाल जिले में एक बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।  एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस द्वारा इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। 

आपको बता दें कि मणिपुर के  थौबाल के पुलिस अधीक्षक हाओबिजम जोगेशचंद्र ने बताया कि बीजेपी की राज्य इकाई के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक लैशराम रामेश्वर सिंह की सुबह क्षेत्री इलाके में उनके आवास के गेट के पास हत्या कर दी गई है।

मुख्य आरोपी ने इम्फाल पश्चिम जिले के ‘कमांडो कॉम्प्लेक्स’ में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।  वह हाओबाम मारक का रहने वाला है।  पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्तौल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद किए गए।

इम्फाल में पकड़ा गया आरोपी :

बिष्णुपुर जिले के किनौ के रहने वाले चालक को इम्फाल पश्चिम जिले के हाओबम मारक इलाके में पकड़ा गया। पुलिस ने 46 वर्षीय अयेकपम केशोरजीत के रूप में पहचाने जाने वाले मुख्य आरोपी के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी शुरू की और लोगों को उसे शरण देने के खिलाफ चेतावनी देते हुए आत्मसमर्पण करने की अपील की।