Trending

प्रदर्शनी मैच में किर्गियोस का जलवा, सबालेंका को सीधे सेटों में हराया

टेनिस में ‘बैटल ऑफ द सेक्सेस’ के तहत खेले गए मैच में पुरुष और महिला वर्ग के बीच की टक्कर देखने को मिली, जहां निक किर्गियोस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग की विश्व नंबर एक खिलाड़ी एरिना सबालेंका को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से शिकस्त दी।

यह एक प्रदर्शनी मैच था जिसे लैंगिक समानता के लिए एक और ऐतिहासिक क्षण के बजाय हल्के फुल्के मनोरंजन के लिए याद किया जाएगा। दोनों खिलाड़ी आपस में हंसी ठिठोली कर रहे थे। कुछ अंडर आर्म सर्विस भी देखने को मिली।

दुबई के 17,000 सीटों वाले कोकाकोला एरीना में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए टाइमआउट के दौरान सबालेंका का नृत्य भी देखने को मिला। इस मुकाबले के सबसे महंगे टिकट लगभग 800 डॉलर में बिके।

विंबलडन 2022 के उपविजेता किर्गियोस ने कलाई और घुटने की चोटों के चलते पिछले तीन वर्षों में केवल छह टूर-स्तरीय मैच खेले लेकिन वह कई बार अपनी क्षमता के अनुरूप खेलते हुए दिखाई दिए।

Courtesy: AP

उन्हें सबालेंका के कोर्ट के हिस्से के लगभग 10 प्रतिशत छोटे होने का नुकसान उठाना पड़ा लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जीत दर्ज की।

खिलाड़ियों को प्रत्येक पॉइंट के लिए दो के बजाय केवल एक सर्विस करने का मौका मिला था। जब किर्गियोस ने अपने तीसरे मैच पॉइंट पर जीत दर्ज की तब तक वह पसीने से भीग चुके थे और दोनों खिलाड़ी नेट पर गले मिलते समय मुस्कुरा रहे थे।

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी किर्गियोस ने मैच के बाद कहा, ‘मैं शुरू में थोड़ा नर्वस था लेकिन मुझे लगता है कि यह टेनिस के खेल के लिए एक शानदार कदम है।’

सबालेंका ने कहा, ‘यह मैच अगले सत्र के लिए अच्छी तैयारी है। मुझे इसमें बहुत मजा आया और मुझे लगता है कि अगली बार जब मैं उनके खिलाफ खेलूंगी तो मुझे उनकी रणनीति, उनकी ताकत और उनकी कमजोरियों के बारे में पता होगा और यह निश्चित रूप से एक बेहतर मुकाबला होगा।’

तथाकथित ‘बैटल ऑफ द सेक्सेस’ नाम 1973 में बिली जीन किंग और बॉबी रिग्स के बीच हुए मैच से लिया गया था। किंग ने ह्यूस्टन एस्ट्रोडोम में खेले गए उस मैच को सीधे सेटों में जीता था।