टिम सेफर्ट बने प्लेयर ऑफ द मैच, न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया
टी20 विश्व कप 2026 में न्यूजीलैंड ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए पहले मैच में कीवी टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराते हुए जीत के साथ टूर्नामेंट में कदम रखा।
न्यूजीलैंड को जीत के लिए 183 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे उन्होंने सिर्फ 17.5 ओवर में पांच विकेट गंवा कर हासिल कर लिया। अफगानिस्तान से मुजीब उर रहमान ने पारी की शुरुआत में ही कीवी टीम को दो बड़े झटके दिए। पारी के दूसरे ओवर में मुजीब ने फिन एलेन और रचिन रवींद्र को बोल्ड कर टीम को 14 रन पर दो विकेटों से मुश्किल में डाल दिया। हालांकि, कीवी बल्लेबाजों ने जल्दी ही संभलकर पारी को पटरी पर लाया।
विकेटकीपर-बल्लेबाज टिम सेफर्ट और ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स ने तीसरे विकेट के लिए 74 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। फिलिप्स ने 42 रन बनाए। इस समय टीम का स्कोर 88 रन था। फिर सेफर्ट ने मार्क चैपमेन के साथ चौथे विकेट के लिए 36 रन जोड़े।
सेफर्ट ने 65 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। चैपमेन ने 28 रन बनाकर पारी समाप्त की। अंत में डेरिल मिचेल ने 25 और कप्तान मिशेल सेंटनर ने 17 रन बनाकर टीम का स्कोर 183 रन तक पहुंचाया और न्यूजीलैंड को 5 विकेट से जीत दिलाई।

अफगानिस्तान से मुजीब उर रहमान ने 2 विकेट लिए। इसके अलावा ओमरजाई ने 1 विकेट, राशिद खान ने 1 विकेट और मोहम्मद नबी ने 1 विकेट लिया। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 182 रन बनाए।
गुलबदीन नायब ने 63 रन की पारी खेली। रहमनुल्लाह गुरबाज ने 27, सेदिकुल्लाह अटल ने 29, दरवेस रसूली ने 20, अजमतुल्लाह ने 14 और मोहम्मद नबी ने 10 रन बनाकर टीम का स्कोर 182 तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड के लिए लॉकी फर्ग्यूसन ने 2 विकेट लिए, जबकि मैट हेनरी, जैकब डफी और रवींद्र ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। इस शानदार बल्लेबाजी और क्रीज पर धैर्यपूर्ण खेल के लिए टिम सेफर्ट को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।