Trending

बेंगलुरु एफसी का दम, मोहम्मडन स्पोर्टिंग को 2-1 से हराया

इंडियन सुपर लीग

कोलकाता : इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2025-26 के मुकाबले में बेंगलुरु एफसी ने शनिवार को किशोर भारती क्रीड़ांगन (केबीके) में मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब को 2-1 से हरा दिया। मेहमान टीम के लिए पहले हाफ में रयान विलियम्स और आशिक कुरुनियान ने गोल किए, जबकि दूसरे हाफ में महितोष रॉय ने मोहम्मडन के लिए एक गोल वापस किया।

इस जीत के साथ बेंगलुरु एफसी सातअंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। वहीं मोहम्मडन स्पोर्टिंग को इस सीजन में लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा और टीम अब भी अपने पहले अंक की तलाश में है।

दोनों टीमें अपने पिछले मुकाबले हारकर इस मैच में उतरी थीं। बेंगलुरु के कोच रेनडी सिंह और मोहम्मडन स्पोर्टिंग के कोच मेहराजुद्दीन वाडू ने अपनी-अपनी शुरुआती एकादश में तीन-तीन बदलाव किए।

मोहम्मडन एससी – 1 (महितोष रॉय 51’) बेंगलुरु एफसी – 2 (रयान विलियम्स 22’, आशिक कुरुनियान 41’)

मोहम्मडन स्पोर्टिंग ने दाएं बैक पर हीरा मंडल की जगह लालमुआनावमा को उतारा। मिडफील्ड में लालंगा इहसाका की जगह तांगवा रागुई को मौका मिला, जबकि लालरेमसांगा फनाई की जगह इस्राफिल देवान को एडिसन के साथ आक्रमण में शामिल किया गया।

Photo: Dipayan Bose /Focus Sports/ ISL

बेंगलुरु एफसी ने डिफेंस में अनुभवी राहुल भेके को उतारा, जबकि मिडफील्ड  में उज्बेकिस्तान के सिरोज कुज़िएव को पदार्पण का मौका मिला। आक्रमण में सुनील छेत्री के साथ रयान विलियम्स को उतारा गया, जबकि बुंगसन, सुरेश और शिवसक्ति को बेंच पर रखा गया।

किक-ऑफ के बाद बेंगलुरु एफसी ने खेल पर पकड़ बना ली और शुरुआती दस मिनट में ही सुनील छेत्री के तीन प्रयास निशाने से चूक गए। रयान विलियम्स भी दाईं ओर से लगातार खतरा पैदा कर रहे थे, लेकिन उन्हें गोल बाईं ओर से मिले मौके से मिला।

कॉर्नर किक से आए मौके पर कुज़िएव के कॉर्नर को छेत्री ने हेड किया, जो निखिल पुजारी से टकराकर विलियम्स के पास पहुंचा और उन्होंने नजदीक से गेंद को जाल में डालकर बेंगलुरु को बढ़त दिला दी।

Photo: Dipayan Bose /Focus Sports/ ISL

41वेंमिनट में बेंगलुरु ने दूसरा गोल किया। इस बार पुजारी ने दाईं ओर से हमला बनाया। मोहम्मडन के गोलकीपर पदम छेत्री ने क्रॉस को दूर किया, लेकिन ढीली गेंद फनाई के पास पहुंची, जिन्होंने उसे आशिक कुरुनियान की ओर बढ़ा दिया। कुरुनियान ने बॉक्स के बाहर से जोरदार बाएं पैर का शॉट लगाया, जो गोलकीपर के दस्तानों से  लगकर गोल में चला गया।

पहले हाफ के बाद दो गोल से पीछे चल रही मोहम्मडन टीम ने दूसरे हाफ में दो बदलाव किए। साजद पर्रे की जगह हीरा मंडल को लेफ्ट बैक पर उतारा गया, जबकि रागुई की जगह लालंगा इहसाका को मैदान में भेजा गया।

इन बदलावों का असर जल्द ही देखने को मिला। एडिसन ने दाईं ओर से शानदार क्रॉस डाला, जिसे राहुल भेके  ने हेड कर बाहर निकाला, लेकिन गेंद महितोष रॉय के पास पहुंच गई। रॉय ने दाएं पैर से सटीक शॉट लगाकर गुरप्रीत सिंह संधू को छकाते हुए गोल कर दिया।

इसके बाद मोहम्मडन स्पोर्टिंग ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए। खासकर थांकीमा के दो शॉट बेहद खतरनाक रहे। 65वें मिनट में उनका शॉट गुरप्रीत को पार करते हुए क्रॉसबार से टकरा गया। लगभग 20 मिनट बाद उनका एक और शॉट गोल की ओर जा रहा था, लेकिन गुरप्रीत सिंह संधू ने शानदार बचाव कर अपनी टीम की बढ़त बचा ली।

इंजरी टाइम के अंतिम मिनट में मोहम्मडन ने गोल भी किया, जब फर्दीन ने गोल माउथ के पास से गेंद को जाल में पहुंचा दिया। हालांकि उससे पहले ही रेफरी ने फाउल के लिए सीटी बजा दी थी, जिसके चलते गोल मान्य नहीं हुआ और बेंगलु रुएफसी ने 2-1 से अहम जीत दर्ज की।