Trending

‘लगा भारत में ही कोई फेस्टिवल चल रहा है..’, नीदरलैंड में पीएम मोदी बोले- समुद्र पार भी जीवित है भारतीय पहचान

PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि वहां मिला प्यार और उत्साह इतना ज्यादा था कि कुछ समय के लिए उन्हें लगा जैसे वे भारत में ही किसी उत्सव में शामिल हैं। प्रधानमंत्री इस समय 5 देशों के दौरे पर हैं और यूएई के बाद नीदरलैंड पहुंचे हैं।

 

भारतीय समुदाय की सराहना, कहा- गर्व का विषय

पीएम मोदी ने कहा कि नीदरलैंड की प्रगति में भारतीय समुदाय का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के लोग यहां समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जिस पर हर भारतीय को गर्व है।

 

‘समुद्र पार भी जीवित है भारतीय पहचान’

प्रधानमंत्री ने प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कहानियां सिर्फ प्रवास की नहीं, बल्कि संघर्ष और सफलता की मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारतीय संस्कृति और पहचान विदेशों में भी जीवंत बनी हुई है।

 

संस्कृति और परंपरा पर जोर

नीदरलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पीढ़ियां और देश बदलने के बावजूद भारतीय परिवारों के संस्कार और अपनापन कायम है। उन्होंने कहा कि भारतीयों ने जहां डच भाषा को अपनाया, वहीं अपनी मूल भाषाओं और संस्कृति को भी जीवित रखा है।

 

2014 चुनाव का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में 16 मई 2014 का भी उल्लेख किया, जब लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। उन्होंने कहा कि उस दिन देश को दशकों बाद स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार मिली थी।

 

‘आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य’

पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने बहुत कम उम्र में ही देशभक्ति को अपना लिया था और अब जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि जनता का सुख और कल्याण ही उनका सबसे बड़ा कर्तव्य है।

 

भारत की तेज प्रगति पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत बड़े सपने देख रहा है और अब सिर्फ बदलाव नहीं बल्कि सबसे बेहतर और सबसे तेज विकास की ओर बढ़ना चाहता है। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती आकांक्षाओं के साथ प्रयास भी उतनी ही तेजी से बढ़ रहे हैं।