थाईलैंड ओपन में सात्विक-चिराग उपविजेता, इंडोनेशियाई जोड़ी ने जीता खिताब
स्टार भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को रविवार को खेले गए थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष युगल फाइनल में कड़े मुकाबले के बाद उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। भारतीय जोड़ी ने चार चैंपियनशिप प्वाइंट बचाकर शानदार संघर्ष किया, लेकिन अंत में उन्हें हार मिली।
विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर मौजूद सात्विक और चिराग को इंडोनेशिया के लियो रॉली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन की जोड़ी ने 53 मिनट तक चले मैच में 21-12, 25-23 से हराया। इससे पहले भारतीय जोड़ी 2019 और 2024 में इस टूर्नामेंट का खिताब जीत चुकी थी।
पहले गेम में सात्विक और चिराग अपनी लय में नजर नहीं आए, लेकिन दूसरे गेम में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दबाव में बेहतरीन मानसिक मजबूती दिखाई और मुकाबले को निर्णायक गेम तक ले जाने के करीब पहुंच गए। पिछले साल भी भारतीय जोड़ी चाइना मास्टर्स और हांगकांग ओपन में उपविजेता रही थी।
यह मुकाबला इंडोनेशियाई जोड़ी की भारतीय खिलाड़ियों पर पहली जीत भी रही। इससे पहले दोनों जोड़ियों के बीच खेले गए चारों मुकाबले सात्विक और चिराग ने जीते थे। मैच की शुरुआत में चिराग को सर्विस में परेशानी हुई, जिसका फायदा उठाकर इंडोनेशिया की जोड़ी ने 4-1 की बढ़त बना ली।
बाद में स्कोर 9-7 तक पहुंच गया। इसके बाद लियो और डेनियल ने लगातार अंक जुटाकर बढ़त मजबूत कर ली। भारतीय खिलाड़ियों की गलतियों का फायदा उठाते हुए इंडोनेशियाई जोड़ी 17-12 से आगे निकल गई और उसे आठ गेम प्वाइंट मिले। अंत में सात्विक का एक रिटर्न नेट में फंस गया और पहला गेम इंडोनेशियाई जोड़ी ने जीत लिया।

दूसरे गेम में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। डेनियल के दमदार स्मैश की बदौलत इंडोनेशियाई जोड़ी ने 5-3 की बढ़त बनाई, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 5-5 से बराबर कर लिया। इसके बाद सात्विक और चिराग ने 7-5 की बढ़त हासिल कर मैच में पहली बार बढ़त बनाई।
हालांकि, इंडोनेशियाई टीम ने स्कोर 9-9 से बराबर कर लिया। इसके बाद चिराग के शानदार शॉट और विरोधी टीम की गलती से भारतीय जोड़ी ने इंटरवल तक दो अंकों की बढ़त बना ली। खेल दोबारा शुरू होने के बाद मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया और स्कोर 11-11, 14-14 और फिर 19-19 तक बराबरी पर चलता रहा।

इसके बाद इंडोनेशियाई जोड़ी को पहला चैंपियनशिप प्वाइंट मिला, लेकिन सात्विक और चिराग ने उसे बचाकर स्कोर 20-20 कर दिया। भारतीय जोड़ी ने लगातार चार चैंपियनशिप प्वाइंट बचाकर मुकाबले में रोमांच बनाए रखा, लेकिन आखिरकार लियो और डेनियल ने पांचवें चैंपियनशिप प्वाइंट पर जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।