Trending

जूनियर एशिया कप के लिए भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम घोषित, स्वीटी कुजूर को कप्तानी

शुक्रवार को हॉकी इंडिया ने जापान में आयोजित होने वाले महिला अंडर-18 एशिया कप काकामिगाहारा 2026 के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 मई से 6 जून तक खेला जाएगा।

कोच रानी के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने भोपाल में एक महीने तक राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में तैयारी की। इस दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, टीम संयोजन और रणनीतिक खेल पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर करेंगी।

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की सीरीज भी खेली, जिसमें अंतिम मुकाबले में जीत हासिल कर टीम ने आत्मविश्वास बढ़ाया। भारत को पूल-ए में दक्षिण कोरिया, मलेशिया और सिंगापुर के साथ रखा गया है।

साभार : सोशल मीडिया

भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 मई को मलेशिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 31 मई को दक्षिण कोरिया और 2 जून को सिंगापुर से मुकाबला होगा। दोनों पूलों की शीर्ष दो टीमें 5 जून को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि फाइनल 6 जून को खेला जाएगा।

टीम की घोषणा के बाद कोच रानी ने कहा,“यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव हासिल करने और दबाव वाले मुकाबलों को समझने का शानदार अवसर है। पिछले कुछ हफ्तों में हमने फिटनेस, रणनीति और टीम समन्वय पर काफी मेहनत की है। टीम देश का प्रतिनिधित्व करने को लेकर उत्साहित है और हमारा लक्ष्य निडर हॉकी खेलते हुए खिताब के लिए मजबूत चुनौती पेश करना होगा।”

भारतीय महिला अंडर-18 टीम

गोलकीपर

महक परिहार, खिली कुमारी

डिफेंडर

सुगन सांगा, नीलम टोपनो, रुबीना बक्सला, किरण एक्का, सुलोचनी

मिडफील्डर

श्रुति कुमारी, दीया, स्नेहा दावड़े, रश्मीन कौर, नाम्मी गीताश्री, पुष्पा मांझी

फॉरवर्ड

नौशीन नाज़, स्वीटी कुजूर (कप्तान), प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी, नैन्सी सरोहा

भारत के मुकाबलों का कार्यक्रम 

30 मई : भारत बनाम मलेशिया

31 मई : भारत बनाम दक्षिण कोरिया

2 जून : भारत बनाम सिंगापुर

पूल की स्थिति

पूल-ए: भारत, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, सिंगापुर

पूल-बी: चीन, जापान, चीनी ताइपे, बांग्लादेश