फ्रेंच ओपन : नोवाक जोकोविच की दमदार वापसी, फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में प्रवेश
तीन बार के चैंपियन और पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच फ्रेंच ओपन 2026 के पुरुष एकल वर्ग के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। जोकोविच ने कड़े मुकाबले में फ्रांस के वैलेंटिन रॉयर को हराया। तीसरी वरीयता प्राप्त जोकोविच ने रॉयर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-3, 6-2, 6-7(9), 6-3 से जीत दर्ज की।
सर्बियाई खिलाड़ी ने तीसरे सेट के टाई-ब्रेक में 6/5 पर एक मैच प्वाइंट गंवा दिया था, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए तीन घंटे 28 मिनट तक चले मुकाबले में रॉयर को मात दी। अपने करियर में रिकॉर्ड 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच ने इस वर्ष क्ले कोर्ट पर केवल एक मैच खेलकर फ्रेंच ओपन में हिस्सा लिया। मार्च में अमेरिका के इंडियन वेल्स ओपन के दौरान लगी चोट के कारण वह छह सप्ताह से अधिक समय तक कोर्ट से बाहर रहे थे।
फ्रेंच ओपन में शुरुआती दो मुकाबलों में उन्हें फ्रांस के खिलाड़ियों से कड़ी चुनौती मिली। रविवार को उन्होंने अपने पहले मैच में जियोवानी एमपेट्शी पेरीकार्ड को चार सेट तक चले मुकाबले में हराया था। इसके बाद बुधवार को कोर्ट फिलिप-शैट्रिए पर बेहद गर्म मौसम के बीच उन्होंने रॉयर को हराकर इस सत्र में अपना रिकॉर्ड 9 जीत और 3 हार का कर लिया।

‘इन्फोसिस स्टैट्स’ के अनुसार, जोकोविच ने फ्रांस के खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार 30वीं जीत दर्ज की। रॉयर के खिलाफ मिले 9 ब्रेक प्वाइंट में से उन्होंने 6 का फायदा उठाया। 39 वर्षीय जोकोविच ने दोनों खिलाड़ियों के बीच खेले गए इस पहले बड़े मुकाबले में शुरुआत से ही नियंत्रण बनाए रखा, हालांकि तीसरे सेट के दौरान मुकाबला रोमांचक हो गया, जब लगातार चार बार सर्विस ब्रेक हुई।
जोकोविच 3-2 और 4-3 की बढ़त पर थे, लेकिन दोनों ही बार रॉयर ने तुरंत वापसी की और मुकाबले को चौथे सेट तक पहुंचा दिया। हालांकि, पीआईएफ एटीपी रैंकिंग में 74वें स्थान पर काबिज रॉयर चौथे सेट में फीके पड़ गए। जोकोविच ने चौथे गेम में निर्णायक सर्विस ब्रेक हासिल किया और रिकॉर्ड 21वीं बार फ्रेंच ओपन के तीसरे दौर में अपनी जगह पक्की की।
पूर्व विश्व नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच अब चौथे दौर में जगह बनाने के लिए ब्राजील के 28वीं वरीयता प्राप्त फोंसेका या क्रोएशिया के प्रिजमिक से भिड़ेंगे। जोकोविच ने अब तक फोंसेका का सामना नहीं किया है, जबकि 20 वर्षीय प्रिजमिक ने इसी महीने की शुरुआत में रोम में वापसी मैच के दौरान जोकोविच को हराया था।