Trending

सैफ महिला चैंपियनशिप फाइनल: रिकॉर्ड छठे खिताब पर भारत की नजर

अब तक बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला टीम शनिवार को यहां बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले सैफ महिला फुटबॉल चैंपियनशिप फाइनल में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी।

भारत क्षेत्रीय टूर्नामेंट में अपना रिकॉर्ड छठा खिताब जीतने की कोशिश करेगा। उसे फाइनल में बांग्लादेश की कड़ी चुनौती मिलेगी, लेकिन वह अपने इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ ग्रुप चरण में 3-0 की जीत से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगा।

भारतीय टीम लगातार पांच खिताब जीतने के बाद पिछले दो अवसरों पर फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई थी। बांग्लादेश ने 2022 और 2024 में दोनों मौकों पर नेपाल को हराकर ट्रॉफी जीती थी। क्रिसपिन छेत्री की कोचिंग वाली भारतीय टीम अब पिछले दो अवसरों पर मिली हार का बदला लेने और 2019 के बाद पहली बार चैंपियन बनने की कोशिश करेगी।

साभार : गूगल

भारत ने 15 गोल किए हैं जबकि उसने एक भी गोल नहीं खाया है। गोलकीपर पैंथोई चानू ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम उनसे इसे जारी रखने की उम्मीद करेगी। सेमीफाइनल में स्टार स्ट्राइकर मनीषा कल्याण की वापसी से टीम के आक्रमण को भी मजबूती मिली है। बांग्लादेश के खिलाफ ग्रुप मैच में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।

यह 24 वर्षीय खिलाड़ी मंगलवार को ही टीम में शामिल हुईं। वह इससे पहले पेरू क्लब अलियांजा लीमा की तरफ से खेल रही थी। भारत ने मालदीव पर 11-0 की शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की और फिर बांग्लादेश को 3-0 से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया।

भारत फीफा रैंकिंग में 69वें स्थान पर जबकि बांग्लादेश 107वें स्थान पर है। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ अभी तक खेले गए 13 मैच में से 10 जीते हैं, एक मैच ड्रॉ रहा और दो में उसे हार मिली।