Trending

‘सिर्फ खेलने नहीं आया हूं’, वैभव सूर्यवंशी ने बताई अपनी महत्वाकांक्षा

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल फाइनल के बाद राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर को दिए एक इंटरव्यू में अपने बड़े सपनों और भविष्य की योजनाओं के बारे में खुलकर बात की। बाएं हाथ के इस युवा सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह सिर्फ खेलने नहीं आए हैं, बल्कि अगले 10 से 20 वर्षों तक क्रिकेट पर अपना दबदबा कायम रखना चाहते हैं।

उन्होंने आईपीएल फाइनल के बाद विराट कोहली के साथ हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। वैभव ने बताया कि विराट का उनके कंधे पर हाथ रखना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के दम पर वैभव ने कई बड़े पुरस्कार अपने नाम किए और अब उन्हें भारतीय टी20 टीम में भी जगह मिल गई है। वह आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा एशियाई खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

रोमी भिंडर ने वैभव से पूछा कि क्या वह आईपीएल 2026 से संतुष्ट हैं। इसके जवाब में वैभव ने कहा, “अगर हम आखिरी मैच में जल्दी विकेट नहीं गंवाते तो आज आईपीएल फाइनल दर्शक बनकर नहीं देख रहे होते, बल्कि उसमें खेल रहे होते। अगर टीम खिताब जीतती और उसके बाद ये सारे अवॉर्ड मिलते तो और भी अच्छा लगता।”

साभार : गूगल

वैभव ने आगे कहा, “लोग पूछते हैं कि दूसरी ट्रॉफी कब आएगी? मुझे उम्मीद है कि सिर्फ दूसरी ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में हम दो, तीन, चार और पांच ट्रॉफियां भी जीतेंगे।”

रेड-बॉल क्रिकेट को लेकर वैभव ने कहा, “मुझे रेड-बॉल क्रिकेट खेलना पसंद है और मैं उसी से अभ्यास भी करता हूं। मेरा सपना तीनों प्रारूपों में भारत के लिए खेलना है। मैं सिर्फ खेलने नहीं आया हूं, बल्कि ऐसा प्रदर्शन करना चाहता हूं कि अगले 10 से 20 वर्षों तक क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रख सकूं।”

विराट कोहली के साथ अपनी मुलाकात को याद करते हुए वैभव ने कहा, “जब विराट भैया ने मेरे कंधे पर हाथ रखा, तो मुझे सच में ऐसा लगा जैसे मेरा सपना पूरा हो गया हो।” ऑरेंज कैप को लेकर उन्होंने कहा, “मेरा सपना था कि मैं इसे एक बार छूकर देखूं। पूरे टूर्नामेंट के दौरान मैंने इसके बारे में नहीं सोचा, क्योंकि मैं मानता हूं कि ज्यादा सोचने से नजर लग जाती है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं सिर्फ इतना सोचता हूं कि जिस भी स्तर पर खेलूं, अच्छा प्रदर्शन करूं। जब आप लगातार अच्छा खेलते हैं, तो कई उपलब्धियां अपने आप आपके पास आ जाती हैं।”

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल के बाद एक या दो नहीं, बल्कि कुल पांच बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। इनमें ऑरेंज कैप, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन और पूरे टूर्नामेंट में सबसे अधिक छक्के लगाने का पुरस्कार शामिल है।