Trending

महिला टी20 वर्ल्ड कप का आगाज, ओपनिंग मैच में इंग्लैंड की रिकॉर्ड तोड़ शुरुआत, श्रीलंका को दी मात 

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह) : मेजबान इंग्लैंड ने शुक्रवार (12 जून) को एजबेस्टन में श्रीलंका को 87 रनों से हराकर महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शानदार शुरुआत की. उन्होंने टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर 219/1 बनाया।

219/1 का स्कोर इंग्लैंड के अब तक के महिला T20 इंटरनेशनल के सबसे बड़े स्कोर से ज्यादा था. जिसमें वाइट-हॉज के 62 गेंदों पर नाबाद 105 रनों की पारी सबसे खास थी. उन्होंने अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का भी लगाया।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले मेजबान इंग्लैंड को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. जिसका पूरा फायदा इंग्लैंड की दोनों ओपनर बल्लेबाजों ने उठाया और पहले विकेट के लिए एमी जोन्स और डैनी वायट-हॉज ने 135 रनों की साझेदारी करके बड़े स्कोर की नींव रख दी।

जोन्स ने सिर्फ 38 गेंदों पर 53 रन बनाकर अपनी सातवीं T20I हाफ-सेंचुरी पूरी की लेकिन वो 14वें ओवर में आउट हो गईं. लेकिन दूसरी तरफ वायट-हॉज ने टूर्नामेंट की बेहतरीन पारियों में से एक खेलते हुए अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने श्रीलंका के अच्छे गेंदबाजी आक्रमण के ख़िलाफ़ शानदार खेल दिखाते हुए 62 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाए, जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल था।

यह पारी वायट-हॉज के लिए खास तौर पर गर्व की बात थी, क्योंकि वह T20 वर्ल्ड कप में सेंचुरी लगाने वाली दूसरी इंग्लिश महिला और टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसा करने वाली सातवीं महिला बन गईं. इसके अलावा कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने सिर्फ 22 गेंदों में 46 रन की जबरदस्त पारी खेली, जिससे टीम का स्कोर 219/1 तक पहुंच गया।