Trending

नीदरलैंड मैच से पहले भारतीय महिला टीम का मस्तीभरा अंदाज, साथियों की खूबियां बताईं

भारतीय टीम ने महिला टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। टीम इंडिया ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया था। अब भारत का अगला ग्रुप स्टेज मुकाबला नीदरलैंड के खिलाफ खेला जाना है, जिसके लिए टीम लीड्स पहुंच चुकी है।

बीसीसीआई ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें महिला टीम की बर्मिंघम से हेडिंग्ले तक की यात्रा को दिखाया गया है। इस वीडियो में जेमिमा रोड्रिग्स, श्रेयंका पाटिल, स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा समेत कई खिलाड़ियों ने अपनी साथी खिलाड़ियों के बारे में दिलचस्प बातें साझा कीं। अरुंधति रेड्डी के बारे में बात करते हुए स्मृति मंधाना ने कहा, “वह मुझे तैयारी करने और मैदान पर सही चीजें करने के लिए प्रेरित करती हैं।”

साभार : गूगल

वहीं, अरुंधति ने स्मृति की तारीफ करते हुए कहा, “उनके बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि जब भी मैं विदेश आती हूं, मैं जहां भी खाना खाने जाती हूं, वह वही जगह चुनती हैं और अक्सर वहां का खाना बहुत अच्छा होता है। इसलिए अगर किसी को यह जानना हो कि कहां जाना है और क्या देखना है, तो उन्हें स्मृति से जरूर संपर्क करना चाहिए।”

जब जेमिमा रोड्रिग्स से पूछा गया कि उन्हें श्रेयंका पाटिल की कौन-सी बात सबसे ज्यादा पसंद है, तो उन्होंने कहा, “श्रेयांका की सबसे अच्छी बात यह है कि वह बेहद ख्याल रखने वाली हैं। वह हमेशा अपने आसपास के लोगों का ध्यान रखती हैं।”

इसके जवाब में श्रेयंका ने जेमिमा के बारे में कहा, “मैं उन्हें जेमी कहती हूं। उनके बारे में बहुत सारी अच्छी बातें हैं, लेकिन जो बात मुझे सबसे ज्यादा पसंद है, वह यह है कि वह अक्सर मुझे सरप्राइज देती हैं। मैं कहीं बैठी होती हूं और वह अचानक कोई गिफ्ट या कुछ खास लेकर आ जाती हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि मुझे गिफ्ट्स पसंद हैं।”

वीडियो में शेफाली वर्मा ने बताया कि तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को सॉफ्ट टॉयज काफी पसंद हैं। वहीं, दीप्ति शर्मा ने कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष को जिस भी देश या शहर में टीम यात्रा कर रही होती है, वहां की पूरी जानकारी रहती है। भारत और नीदरलैंड के बीच यह मुकाबला बुधवार को लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा।