Trending

11 गेंदों में तूफानी पचासा, वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा 20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड

भारतीय टीम की नई बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ रिकॉर्ड तोड़ बल्लेबाजी की। पहले बल्लेबाजी करते हुए वैभव ने प्रियांश आर्या के साथ मिलकर भारत को दमदार शुरुआत दिलाई।

वैभव ने इस दौरान महज 11 गेंदों पर पचासा लगाया और 20 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। श्रीलंका ए ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

भारत ए के लिए वैभव के साथ प्रियांश आर्या बल्लेबाजी के लिए उतरे। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहली ही गेंद से आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करना शुरू किया। इस दौरान वैभव और प्रियांश दोनों को कई जीवनदान भी मिले, जिसका इन दोनों ने पूरा फायदा उठाया।

साभार : गूगल

वैभव और प्रियांश ने इतनी तेजी से बल्लेबाजी की जिससे भारत ए ने 50 रनों का आंकड़ा महज तीन ओवर में ही पार कर लिया। वैभव यहीं नहीं रुके और उन्होंने श्रीलंका ए के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। वैभव ने 11 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज पचासा लगाने का रिकॉर्ड तोड़ा।

वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी का अंत हो गया। वैभव ने श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में दमदार प्रदर्शन किया और लिस्ट क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक लगाया। वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन साहन आराचिघे की गेंद पर विकेट गंवा बैठे।

वैभव ने 94 रन बनाए। वैभव ने प्रियांश आर्या के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 53 गेंदों पर 132 रनों की साझेदारी की।  वैभव को 26 जून से आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए सीनियर भारतीय टीम में चुना गया है।

वैभव ने आईपीएल 2026 के बाद जिस तरह से वैभव ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में बल्लेबाजी की है, उससे उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है। भारत ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 के लिए भारतीय टीम का एलान किया था जिसमें पहली बार वैभव को जगह दी गई थी।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 15 साल का यह युवा बल्लेबाज प्लेइंग-11 में जगह बना पाता है या नहीं। वैभव अगर ऐसा करने में सफल रहे तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। वैभव इस मामले में दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे।

वैभव ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 237.31 के शानदार स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 776 रन बनाए थे, जिसमें 72 छक्के शामिल थे। आईपीएल की सफलता और पहली बार भारतीय टीम में चुने जाने के बाद श्रीलंका के दौरे पर आए सूर्यवंशी को दांबुला की धीमी पिचों पर संघर्ष करना पड़ा था।

उन्होंने फाइनल से पहले चार मैचों में 14, 44, 21 और 38 रन बनाए थे। लगातार इस बारे में चर्चा हो रही थी कि वैभव आईपीएल वाले रंग में कब नजर आएंगे, लेकिन 15 साल के इस बल्लेबाज ने ज्यादा देर नहीं लगाई और फाइनल में धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए फॉर्म में वापसी की।

लिस्ट ए क्रिकेट में तेज अर्धशतक (गेंदों के अनुसार)

खिलाड़ी गेंदें मैच वर्ष
वैभव सूर्यवंशी 11 भारत ए बनाम श्रीलंका ए 2026
के वीररत्न 12 रागमा क्रिकेट क्लब बनाम कुरुनेगला यूथ 2005/06
एनएलटीसी परेरा 13 श्रीलंका आर्मी बनाम ब्लूमफील्ड 2020/21
आरके क्लेनवेल्ट 14 वेस्टर्न प्रोविंस बनाम क्वाजुलु-नेटल 2010/11
एजे होलिओके 15 सरे बनाम यॉर्कशायर 1994
सलमान बट 15 नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान बनाम लाहौर ईगल्स 2008/09