Trending

प्रीतम का सुनहरा निशाना, आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में गोल्ड पर कब्जा

भारत के 16 वर्षीय निशानेबाज प्रीतम केंद्रे ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह उपलब्धि उन्होंने अपने केवल दूसरे अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हासिल की है।

प्रीतम ने आठ खिलाड़ियों के फाइनल में बेहद संयम और आत्मविश्वास के साथ निशाना साधते हुए 251.3 अंक अर्जित किए और शीर्ष स्थान हासिल किया। तटस्थ खिलाड़ी तिमोफेई अलेइनिकोव ने रजत पदक जीता, जबकि नॉर्वे के जेन्स ओएस्टली को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

विश्व चैम्पियन बनने के बाद प्रीतम ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पूरी प्रतियोगिता के दौरान उनका ध्यान केवल अपनी तकनीक और प्रत्येक शॉट को बेहतर बनाने पर केंद्रित रहा। उन्होंने एक आधिकारिक बयान में कहा, “इस जीत से मैं बेहद खुश हूं। पूरी प्रतियोगिता के दौरान मेरा ध्यान केवल अपनी तकनीक पर रहा और हर शॉट में सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।”

@issf_official

पुणे के रहने वाले इस युवा निशानेबाज ने अपनी सफलता का श्रेय गगन नारंग गन फॉर ग्लोरी शूटिंग अकादमी को भी दिया। उन्होंने कहा, “अकादमी के प्रशिक्षकों ने मुझे व्यक्तिगत रूप से काफी मार्गदर्शन दिया। हमारी तैयारी हमेशा तकनीक सुधारने पर केंद्रित रही और मुझे लगता है कि यही इस सफलता का सबसे बड़ा कारण बना।”

हाल ही में दसवीं कक्षा की परीक्षा पूरी करने वाले प्रीतम ने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा, “विश्व चैम्पियनशिप का स्वर्ण पदक जीतने से मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। मैं 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में लगातार बेहतर प्रदर्शन करना चाहता हूं और भारत के लिए आने वाले वर्षों में कई और पदक जीतना चाहता हूं।”

आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप का पांचवां संस्करण इस समय जर्मनी के सुहल में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 70 राष्ट्रीय महासंघों के 800 से अधिक निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। भारत ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 84 सदस्यीय दल उतारा है।

गौरतलब है कि 2024 में पेरू के लीमा में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर विश्व चैम्पियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 पदक जीते थे। इनमें 13 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल थे, जिसके साथ भारत पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहा था। यह प्रतियोगिता 26 जून तक जारी रहेगी।