सूर्यकुमार यादव ने फर्जी बयानों का किया खंडन, टीम इंडिया और वैभव सूर्यवंशी के लिए कही बड़ी बात
भारतीय टी20 टीम के पूर्व कप्तान और अपनी कप्तानी में भारत को टी20 विश्व कप जिताने वाले सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उन्होंने उन सभी बयानों का खंडन किया है, जिन्हें उनके नाम से सोशल मीडिया पर गलत तरीके से प्रचारित किया जा रहा है।
सूर्यकुमार यादव ने एक्स पर लिखा, “मैं टीम के लिए बहुत खुश हूं और हमेशा उनके लिए अच्छे की दुआ करता हूं। मुझे पता है कि लड़के अपना सब कुछ दे रहे हैं, और उन्हें हमेशा मेरा पूरा समर्थन रहेगा। वैभव के लिए एक खास बात—तुम एक बहुत ही रोमांचक सफर की शुरुआत में हो। हर पल का आनंद लो और देश को गर्व महसूस कराते रहो।”
उन्होंने आगे लिखा, “मैंने यह भी देखा है कि ऑनलाइन एक बयान फैलाया जा रहा है, जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताया जा रहा है। मैं यह साफ करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है और न ही उसे मंजूरी दी है। कृपया बिना जांची-परखी जानकारी पर विश्वास न करें और उसे साझा न करें।”

पूर्व कप्तान ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, “भारतीय क्रिकेट, मेरे साथी और खेल के लिए मेरा सहयोग हमेशा उन शब्दों से ज्यादा जोरदार रहेगा जो गलत तरीके से मेरे नाम से बताए गए हैं।”
दरअसल, हाल के दिनों में सूर्यकुमार यादव के नाम से सोशल मीडिया पर कुछ भ्रामक बयान तेजी से वायरल हुए, जिनमें उन्हें अपनी टी20 कप्तानी छिनने और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर टिप्पणी करते हुए दिखाया गया।
हालांकि, सूर्यकुमार की इस सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उन्होंने स्वयं स्पष्ट कर दिया है कि ये सभी बयान फर्जी हैं और उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। इससे उनके नाम पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारियों पर भी विराम लगने की उम्मीद है।
— Surya Kumar Yadav (@surya_14kumar) July 7, 2026
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर लगातार दूसरी बार इस प्रारूप की चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। हालांकि, इसके बाद उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन लंबे समय तक उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। आईपीएल में भी उनका बल्ला खामोश रहा, जिसके चलते उन्हें भारतीय टी20 टीम की कप्तानी से हटाया गया और बाद में टीम से भी बाहर कर दिया गया।