Trending

भारतीय बॉक्सरों का शानदार अभियान जारी, आठ ने फाइनल में बनाई जगह

एशियन अंडर-19 व अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप

एशियन अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट की पुरुष और महिला अंडर-23 वर्ग में भारत के आठ मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, सात भारतीय मुक्केबाज सेमीफाइनल तक पहुंचकर कांस्य पदक भी पक्का कर चुके हैं।

महिलाओं के अंडर-23 वर्ग में भारत की पांच मुक्केबाजों ने फाइनल में प्रवेश किया। इनमें निशा और निकिता चंद ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। 54 किलोग्राम भार वर्ग में निशा ने दक्षिण कोरिया की हेजू ली को पहले ही राउंड में आरएससी (रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट) से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।

60 किलोग्राम वर्ग में निकिता चंद ने जापान की सारी कोकुफू को पहले राउंड में आरएससी से मात देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। 65 किलोग्राम वर्ग में काजल ने किर्गिस्तान की गुल्जिना मेल्सवेक को दूसरे राउंड में आरएससी (रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट) से हराया।

साभार : गूगल

काजल ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। 75 किलोग्राम वर्ग में मुस्कान ने उज्बेकिस्तान की तोइरोवा ओयशा के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 के एकतरफा फैसले से जीत दर्ज की। वहीं, 80+ किलोग्राम वर्ग में प्रियंका ने कजाकिस्तान की पनार सेइतखांकीजी को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

पुरुषों के अंडर-23 वर्ग में भी भारतीय मुक्केबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। 50 किलोग्राम वर्ग में विश्वनाथ सुरेश ने फिलीपींस के मुक्केबाज को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने पूरे मुकाबले में बेहतरीन तकनीक और नियंत्रण का प्रदर्शन किया।

55 किलोग्राम वर्ग में गंगा ने जापान के मुक्केबाज के खिलाफ कड़ा मुकाबला खेला और 3-2 के स्प्लिट फैसले से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, 65 किलोग्राम वर्ग में वंशज ने किर्गिस्तान के मुक्केबाज को 4-1 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। इस तरह भारत ने सात कांस्य पदक भी अपने नाम सुनिश्चित किए।

महिलाओं के अंडर-23 वर्ग में तनु (51 किलोग्राम), प्राची (57 किलोग्राम), शिवानी (70 किलोग्राम) और नैना (80 किलोग्राम) ने कांस्य पदक जीते। वहीं, पुरुषों के अंडर-23 वर्ग में हितेश (70 किलोग्राम), नीरज (75 किलोग्राम) और ईशान कटारिया (90+ किलोग्राम) ने भी कांस्य पदक अपने नाम किए।

इन शानदार नतीजों के साथ भारत ने एशियाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपनी पदक तालिका को और मजबूत कर लिया है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय मुक्केबाजों के प्रभावशाली प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि भारत इस टूर्नामेंट में खिताब का मजबूत दावेदार है।

एशियन अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन इंडोनेशिया के जकार्ता में 5 जुलाई से 16 जुलाई तक किया जा रहा है। हाल के एशियाई और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अच्छे प्रदर्शन के बाद भारत ने इस प्रतियोगिता में मजबूत टीम उतारी है।

अलग-अलग भार वर्गों में भारतीय मुक्केबाजों की क्षमता लगातार बेहतर होती जा रही है। टूर्नामेंट से पहले भारतीय टीम ने राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में कड़ी मेहनत की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक को निखारने, मुकाबलों की रणनीति तैयार करने और फिटनेस को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया।