Trending

राष्ट्रीय खेल बोर्ड के गठन में फिर देरी, आवेदन की अंतिम तिथि 6 अगस्त तक बढ़ी

खेल मंत्रालय ने बहुप्रतीक्षित राष्ट्रीय खेल बोर्ड (एनएसबी) के अध्यक्ष और सदस्यों के चयन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाकर छह अगस्त कर दी है जिसका मतलब है कि इसके गठन में अभी कुछ और समय लगेगा। आवेदन जमा करने की पूर्व में निर्धारित समय सीमा बुधवार को समाप्त हो गई थी।

मंत्रालय ने एक सर्कुलर में बताया, ‘‘सभी को सूचित किया जाता है कि ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। इसे अब 22 जुलाई 2026 से बढ़ाकर छह अगस्त 2026 (रात 8 बजे तक) कर दिया गया है।’’

राष्ट्रीय खेल बोर्ड में नियुक्तियां कैबिनेट सचिव टी वी सोमनाथन की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर की जाएंगी। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पूर्व निशानेबाज गगन नारंग और भारोत्तोलन की दिग्गज खिलाड़ी एन कुंजरानी देवी भी पांच सदस्यीय समिति में शामिल हैं।

साभार : गूगल

इसके अन्य सदस्यों में खेल सचिव हरि रंजन राव और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की कार्यकारी परिषद के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) हरपाल सिंह शामिल हैं। राष्ट्रीय खेल बोर्ड के लिए वही सदस्य आवेदन कर सकते हैं जिन्हें लोक प्रशासन, खेल प्रशासन, खेल कानून और अन्य संबंधित क्षेत्रों में ज्ञान या व्यावहारिक अनुभव हो।’’

राष्ट्रीय खेल बोर्ड मान्यता प्रदान करने के अलावा राष्ट्रीय खेल चुनाव पैनल और राष्ट्रीय खेल निकायों की संबद्ध इकाइयों की सूची भी तैयार करेगा। बोर्ड को खेल प्रशासन पर आदर्श दिशा-निर्देश या नियम निर्धारित करने का अधिकार भी दिया गया है। इसके सदस्यों के लिए आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है।

एनएसबी का गठन राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम के तहत किया जा रहा है, जिसे पिछले साल अगस्त में पारित किया गया था। इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल पंचाट के लिए आवेदन जमा करने की तिथि भी फिर से बढ़ा दी गई है। पहले इसकी समय सीमा 18 जून निर्धारित की गई थी और फिर इसे 18 जुलाई तक बढ़ा दिया गया था। अब इसकी तिथि 25 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।