Trending

2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए अहमदाबाद तैयार

नीरज चोपड़ा और पीटी उषा ने स्वीकार किया खेलों का झंडा

विवेक ओझा/ ग्लासगो / अहमदाबाद: ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के रंगारंग समापन समारोह में भारत को 2030 के ऐतिहासिक ‘शताब्दी कॉमनवेल्थ गेम्स’ (Centenary Commonwealth Games) की मेजबानी औपचारिक रूप से सौंप दी गई। ओवीओ हाइड्रो एरिना (OVO Hydro) में आयोजित एक भावुक फ्लैग हैंडओवर सेरेमनी के दौरान, स्कॉटलैंड के अधिकारियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा और सेरेमोनियल बैटन भारत के प्रतिनिधियों को सौंप दिया।

भारत की ओर से ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा और गुजरात के खेल व उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने मंच पर इस ध्वज को स्वीकार किया। यह क्षण भारत के लिए बेहद गर्व का था, क्योंकि नई दिल्ली (2010) के बाद यह केवल दूसरी बार है जब भारत इन खेलों की मेजबानी करेगा। समारोह के दौरान ‘वसुधैव कुटुंबकम’ (The World is One Family) की थीम पर एक भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसमें भारत की विविधता और कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया।

मशहूर संगीतकार शंकर महादेवन और उनके बेटों ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से समां बांध दिया, जबकि भारत और स्कॉटलैंड के संगीतकारों के बीच ‘सांस्कृतिक जुगलबंदी’ ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही, गुजरात के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और अहमदाबाद शहर की झलक दिखाने वाली एक विशेष फिल्म भी प्रदर्शित की गई। 2030 के इन खेलों को और भी बड़ा और भव्य बनाने के लिए अहमदाबाद में अभी से तैयारियां तेज कर दी गई हैं।