Trending

जमशेदपुर एफसी संकट में, खिलाड़ियों ने टाटा समूह से कहा- फैसला वापस लें

जमशेदपुर एफसी के खिलाड़ियों ने इस फुटबॉल क्लब के मालिक टाटा समूह से इंडियन सुपर लीग से हटने और सीनियर टीम को भंग करने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की भावुक अपील की है।

शुक्रवार को जमशेदपुर एफसी ने घोषणा की कि वह चार सितंबर से शुरू होने वाले आईएसएल से हट रही है। उसने आगामी सत्र के लिए भागीदारी शुल्क जमा करने की समय सीमा चूकने के कुछ ही घंटों बाद यह घोषणा की। इसके साथ ही उसने सीनियर टीम को भंग करने का फैसला भी किया।

मिडफील्डर प्रणय हल्दर ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए चौंकाने वाली खबर थी। मुझे टाटा समूह से ऐसे फैसले की उम्मीद नहीं थी। मेरा उनसे विनम्र निवेदन है कि वे अपना फैसला बदलें और आईएसएल में भाग लें। क्योंकि यह पूरी पीढ़ी के लिए एक बहुत बड़ा मंच है।’’

© X

उन्होंने कहा, ‘‘क्लब से मेरी कई यादें जुड़ी हैं। मुझे उम्मीद है कि टाटा स्टील और टाटा समूह के प्रमुख अपने फैसले पर पुनर्विचार करेंगे।’’ भारत के लिए एक मैच खेल चुके गोलकीपर अल्बिनो गोम्स ने हल्दर की बात से पूरी तरह सहमति जताई।

उन्होंने कहा, ‘‘इस क्लब को बंद करना मुझे बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। मैं टाटा समूह से अपील करना हूं कि वे अपने फैसले पर पुनर्विचार करें। क्योंकि यह एक या दो साल की बात नहीं है, यह भारतीय फुटबॉल के भविष्य का सवाल है।’’

मिडफील्डर निखिल बारला ने कहा, ‘‘ मैं टाटा समूह, टाटा स्टील के प्रमुख से अपील करना चाहता हूं कि वे अपने फैसले पर पुनर्विचार करें और युवा खिलाड़ियों के भविष्य के बारे में सोचें। ’’