Trending

पीएम-किसान योजना (PM-KISAN) को मिला ₹3.15 लाख करोड़ का मेगा विस्तार

2030-31 तक जारी रहेगी वित्तीय सहायता

सरिता त्रिपाठी/ नई दिल्ली: देश के करोड़ों किसानों की आय और आजीविका को सुरक्षित करने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ (PM-KISAN) योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से बढ़ाकर 2030-31 तक जारी रखने को आधिकारिक मंजूरी दे दी गई है। इस महत्वाकांक्षी विस्तार के लिए सरकार ने ₹3.15 लाख करोड़ के भारी-भरकम वित्तीय बजट का प्रावधान किया है।

फरवरी 2019 में शुरू की गई इस डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजना के तहत, पात्र किसान परिवारों को हर साल ₹6,000 की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना की शुरुआत से लेकर अब तक 23 किस्तों के माध्यम से किसानों के खातों में ₹4.47 लाख करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।

योजना की 24वीं किस्त जारी करने से पहले डेटा सत्यापन (Data Verification) का काम तेज कर दिया गया है। नीति आयोग और कृषि मंत्रालय के अनुसार, इस योजना से न केवल किसानों को बीज, उर्वरक और कृषि मशीनरी खरीदने में मदद मिली है, बल्कि महिला किसानों की वित्तीय स्थिति में भी काफी सुधार हुआ है। कुल लाभार्थियों में लगभग एक-चौथाई महिला किसान हैं। कैबिनेट के इस निर्णय से किसानों को अगले पांच वर्षों तक वित्तीय स्थिरता की गारंटी मिलेगी।