चुनावी रणनीति का केंद्र बना उत्तर प्रदेश: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में यूपी से 8 बड़े नेताओं को मिली अहम ज़िम्मेदारी

राघवेंद्र प्रताप सिंह/ नई दिल्ली / लखनऊ: आगामी विधानसभा चुनावों और राष्ट्रीय राजनीति की भावी दिशा को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी बहुप्रतीक्षित नई केंद्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित इस नई राष्ट्रीय टीम में देश के सबसे बड़े और राजनीतिक रूप से सबसे अहम राज्य ‘उत्तर प्रदेश’ को सबसे मजबूत हिस्सेदारी और दबदबा दिया गया है। यूपी से कुल 8 वरिष्ठ और कद्दावर नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जो पार्टी की दीर्घकालिक चुनावी रणनीति को साफ दर्शाती हैं।
घोषित सूची के अनुसार, उत्तर प्रदेश से क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधते हुए 2 उपाध्यक्ष, 2 राष्ट्रीय महासचिव, सचिव और मोर्चा अध्यक्ष पदों पर नेताओं की ताजपोशी की गई है। इस टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और बस्ती के पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव जैसे बेहद शक्तिशाली पद की ज़िम्मेदारी दी गई है। वहीं, राज्यसभा सांसद डॉ. तारिक मंसूर और पूर्व केंद्रीय मंत्री को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त, युवा और अनुभवी चेहरों को राष्ट्रीय सचिव और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
राजनीतिक पंडितों के अनुसार, यह संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह से उत्तर प्रदेश के जटिल सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए तैयार किया गया है। 2024 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में मिले मिले-जुले परिणामों के बाद पार्टी आलाकमान कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसलिए पश्चिमी यूपी से लेकर अवध, बुंदेलखंड और पूर्वांचल तक के नेताओं को केंद्रीय टीम में शामिल कर हर वर्ग को साधने का प्रयास किया गया है।
यह फेरबदल स्पष्ट करता है कि दिल्ली की सत्ता का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही होकर गुज़रता है। विधानसभा चुनावों से ठीक पहले टीम नितिन में यूपी के नेताओं को इतनी बड़ी हिस्सेदारी देकर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की कोशिश की गई है। अब यह 8 सदस्यीय मजबूत टीम न केवल उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को ज़मीनी स्तर पर अभेद्य बनाने का काम करेगी, बल्कि अन्य राज्यों के चुनावों में भी पार्टी के मुख्य चुनावी रणनीतिकार के रूप में मोर्चा संभालेगी।