लखनऊ फाल्कन्स ने मेरठ मावेरिक्स को दिया 184 रनों का लक्ष्य
लखनऊ। अजीत वर्मा (53) के आतिशी अर्धशतक और मोहम्मद सैफ (45) की उम्दा पारी से लखनऊ फाल्कन्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में खेले गए मुकाबले में निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में लखनऊ की शुरुआत खराब रही जब सलामी बल्लेबाज प्रियम गर्ग सिर्फ दो रन बना सके। हालांकि उनके जोड़ीदार मोहम्मद सैफ ने पारी को संभालते हुए टीम को मजबूती दी।
मैच की औपचारिक शुरुआत बबलू कुमार (जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस, लखनऊ कमिश्नरेट) ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यूपी टी-20 लीग सिर्फ प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी सशक्त जरिया है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग का उद्देश्य प्रदेश की क्रिकेट प्रतिभाओं को उच्च स्तर का मंच उपलब्ध कराने के साथ उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के माहौल को और मजबूत करना है। लीग के हर सीजन में दर्शकों और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ रहा है। हमें उम्मीद है कि इस सीजन में भी रोमांचक मुकाबलों के साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के शानदार अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, बहराईच जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव इशरत कमाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
औपचारिक शुरुआत के बाद लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि टीम को पहले ही ओवर में तब झटका लगा जब सलामी बल्लेबाज प्रियम गर्ग सिर्फ दो रन बनाकर विजय कुमार की गेंद पर रितुराज को कैच थमा बैठे। इसके बाद दूसरे सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ और अजीत वर्मा ने पारी को संभाला और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।

मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्के जड़कर 45 रन जोड़े। अजीत वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 8 चौकों और 1 छक्के की मदद से 53 रन की आतिशी अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं मध्यक्रम में सत्यम पांडेय ने 23 रन और समीर चौधरी ने 12 रन जोड़े। अंत में विप्रज निगम 11 और अक्षू बाजवा 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
मेरठ मावेरिक्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए जीशान अंसारी और विजय कुमार ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि दिव्यांश जोशी और कार्तिक त्यागी ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।