लॉर्ड्स में इंग्लैंड का शिकंजा, पाकिस्तान के सामने 357 रन की चुनौती
इंग्लैंड बनाम पाकिस्तान तीन मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला ‘क्रिकेट का मक्का’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन मेजबानों ने 350 से अधिक रनों की बढ़त हासिल कर ली है, मगर इंग्लैंड ने अभी तक पारी घोषित नहीं की है।
तीसरे दिन बारिश और खराब रोशनी के चलते दिन के खेल को समय से पहले समाप्त कर दिया गया। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 177 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। डेन लॉरेंस अर्धशतक बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इंग्लैंड की लीड 357 रनों की हो गई है। अभी लॉर्ड्स टेस्ट में दो दिन का खेल बाकी है, ऐसे में बारिश भी पाकिस्तान की लाज नहीं बचा पाएगी।
मैच के तीसरे दिन बारिश के कारण खेल में कई बार रुकावट आई। सुबह के सेशन में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। दोपहर में खेल शुरू हुआ तो इंग्लैंड ने तीन विकेट पर 81 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। उस समय उसकी कुल बढ़त 261 रन थी। इसके बाद करीब 23 ओवर के खेल में टीम ने 81 रन और जोड़े, लेकिन तीन विकेट भी गंवा दिए।

मोहम्मद अब्बास पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने एमिलियो गे को 31 रन पर एलबीडबल्यू आउट किया। इसके बाद हैरी ब्रूक 34 रन बनाकर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। ब्रूक और डैन लॉरेंस ने पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े। अब्बास ने जेमी स्मिथ को सात रन पर आउट कर अपना तीसरा विकेट लिया।
दिन का खेल खत्म होने तक लॉरेंस 50 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उनका साथ ओली रॉबिन्सन 2 रन बनाकर दे रहे हैं। बता दें, इंग्लैंड ने पहली पारी में 290 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम सिर्फ 110 रन पर सिमट गई। इससे इंग्लैंड को पहली पारी में 180 रन की बड़ी बढ़त मिली थी।
इंग्लैंड ने हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में पाकिस्तान को पारी के अंतर से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब लॉर्ड्स टेस्ट को भी अपने नाम कर इंग्लैंड की नजरें सीरीज में अजय बढ़त बनाने पर होगी।
लॉर्ड्स में पाकिस्तान के लिए 350 से अधिक का टारगेट का पीछा करना काफी मुश्किल होगा, जबकि पहली पारी में उन्होंने मात्र 110 रनों पर हथियार डाल दिए थे। इमाम-उल-हक की चोट ने भी पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ाई हुई है। उन्होंने पहली पारी में भी बैटिंग नहीं की।