निक किर्गियोस ने स्वीकार किया निलंबन, कोकीन मामले में आईटीआईए की कार्रवाई

ऑस्ट्रेलिया के टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने जून में स्पेन में एक टूर्नामेंट के दौरान कोकीन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) द्वारा लगाए गए एक महीने के निलंबन को स्वीकार कर लिया है। आईटीआईए ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

किर्गियोस को चार अगस्त से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था, जिसकी जानकारी लगभग दो सप्ताह के बाद सार्वजनिक हुई थी।आईटीआईए के अनुसार, 31 वर्षीय किर्गियोस ने जांचकर्ताओं को बताया कि उन्होंने मलोर्का में होने वाले मुकाबले से पहले कोकीन का सेवन किया था। उन्होंने विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के विशेषज्ञ से सलाह लेने के बाद स्वीकार किया कि यह सेवन प्रतियोगिता से बाहर की अवधि में हुआ था।

वाडा के नियमों के तहत इस मामले में सामान्यतः तीन महीने का प्रतिबंध लगाया जाता है, लेकिन उपचार कार्यक्रम पूरा करने पर इसे घटाकर एक महीने किया जा सकता है। आईटीआईए ने कहा कि उपचार कार्यक्रम पूरा करने की शर्त के साथ किर्गियोस का निलंबन गुरुवार को समाप्त हो गया।

Getty Images

मलोर्का टूर्नामेंट से किर्गियोस की पुरस्कार राशि और रैंकिंग अंक वापस ले लिए गए हैं। टूर्नामेंट में उन्हें अपने हमवतन एडम वॉल्टन के खिलाफ एकमात्र मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। विंबलडन 2022 के फाइनल में पहुंचने वाले किर्गियोस को खिताबी मुकाबले में नोवाक जोकोविच से हार मिली थी। इस साल उन्होंने अब तक सिर्फ चार एटीपी एकल मुकाबले खेले हैं और वह विश्व रैंकिंग में 918वें स्थान पर हैं।