दिल्ली में खौफनाक वारदात: मयूर विहार फेज-3 में लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

New Delhi : राजधानी दिल्ली में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में एक युवक की लाठी और डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। सुबह के वक्त हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मौके पर पुलिस की टीम पहुंचकर गहनता से जांच कर रही है, लेकिन अब तक मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है।सुबह 5 बजे दिया गया वारदात को अंजाम मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक हत्याकांड सुबह करीब 5 बजे के आसपास हुआ। बदमाशों ने बेरहमी से लाठी-डंडों से वार कर युवक की जान ले ली। पुलिस को न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के मयूर विहार फेज-3 में एक अज्ञात शख्स का शव मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।चश्मदीद ने बयां की खौफनाक सच्चाई इस पूरी घटना के संबंध में एक चश्मदीद गवाह और सुरक्षा गार्ड नंदलाल यादव का बयान सामने आया है। उनका कहना है कि उन्होंने सुबह करीब 4 बजे कुछ संदिग्ध लोगों को देखा था, जो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दे रहे थे। वे दो लोग थे जिनकी गतिविधियां संदिग्ध थीं। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है ताकि हत्यारों तक जल्द पहुंचा जा सके।दिल्ली में लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामले राजधानी में हाल के दिनों में इस तरह की कई वारदातें सामने आ चुकी हैं। हाल ही में नांगलोई इलाके में स्कूल जा रहे 15 साल के एक छात्र पर कुछ दबंगों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। छात्र ने एक लड़की से छेड़छाड़ का विरोध किया था, जिसके बाद उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। इसके अलावा नरेला में जिम के बाहर एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुर गैंग ने ली थी। वहीं, धोबी घाट इलाके में भी आपसी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रही इन वारदातों से दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।