भागलपुर में दर्दनाक रेल हादसा: ट्रेन की चपेट में आए महिला-पुरुष की मौत, बच्चा गंभीर; डायल 112 के लौटने पर उठे सवाल

अकबरनगर (भागलपुर)। अकबरनगर रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को दर्दनाक रेल हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के मुताबिक, तीनों भागलपुर जाने के लिए ट्रेन पकड़ने अकबरनगर रेलवे स्टेशन की ओर पैदल जा रहे थे। वे डाउन लाइन की पटरी पर चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से देवघर मेमू एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन आ गई। उसी समय अप लाइन पर जमालपुर की ओर एक मालगाड़ी भी जा रही थी।दोनों तरफ से ट्रेनों के आने के कारण तीनों को संभलने और पटरी से हटने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में पुरुष और महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की तत्काल पहचान नहीं हो सकी।RPF जवान ने बच्चे को पहुंचाया अस्पतालहादसे के बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ कर्मी पालस कुमार हालदार ने घायल बच्चे को अपनी गोद में उठाया और तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया। बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मृतकों की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।डायल 112 की टीम के लौटने पर सवालइस हादसे के बाद डायल 112 की टीम की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। बताया गया कि सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। टीम में दो महिला गार्ड, एक पुरुष गार्ड और चालक शामिल थे।आरोप है कि टीम ने रेलवे ट्रैक पर पड़े शवों को देखने के बाद भी मौके पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की और वहां से वापस लौट गई। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।घटना को लेकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना था कि हादसे के बाद सबसे पहले घायल बच्चे की मदद, शवों को सुरक्षित कराना और मृतकों की पहचान के लिए तत्काल कार्रवाई जरूरी थी। ऐसे में डायल 112 टीम के कथित तौर पर मौके से लौट जाने को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।फिलहाल रेलवे पुलिस और आरपीएफ पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। मृतक महिला और पुरुष की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।