BRICS की मेहमाननवाजी में दिखेगा पूरा भारत, थाली में रागी डोसा से लखनवी कबाब तक

नई दिल्ली। BRICS सम्मेलन में आने वाले विदेशी मेहमानों को इस बार सिर्फ कूटनीति और बैठकों का अनुभव नहीं मिलेगा, बल्कि उनकी थाली में भी पूरा भारत नजर आएगा। एक ही मेज पर रागी डोसा, बाजरे का उपमा, कश्मीरी पुलाव, हैदराबादी बिरयानी और लखनवी कबाब जैसे अलग-अलग राज्यों के व्यंजन परोसे जाएंगे।दिल्ली के पांच सितारा होटलों से लेकर भारत मंडपम तक मेहमानों के लिए ऐसा मेन्यू तैयार किया जा रहा है, जिसमें भारत के अलग-अलग हिस्सों की पाक परंपराओं को शामिल किया गया है। श्री अन्न यानी बाजरा, ज्वार और रागी से बने व्यंजनों के साथ मौसमी फल, नारियल पानी और ताजा छाछ भी मेन्यू का हिस्सा होंगे।एक थाली में दिखेगी भारत की विविधताब्रिक्स सम्मेलन के मेन्यू में क्षेत्रीय स्वाद को खास जगह दी गई है। नाश्ते में रागी डोसा, बाजरा उपमा और मिलेट पोंगल जैसे विकल्प होंगे। वहीं दोपहर के भोजन में गुजराती और राजस्थानी थाली के साथ दक्षिण भारतीय व्यंजन भी परोसे जाएंगे।कश्मीरी पुलाव, दक्कनी तड़का, हैदराबादी वेज और नॉन-वेज बिरयानी के साथ दक्षिण भारतीय स्ट्यू भी मेहमानों की थाली में शामिल होंगे। यानी मेहमान जिस भी व्यंजन का स्वाद लेंगे, उन्हें भारत के किसी न किसी हिस्से की संस्कृति और खानपान की झलक मिलेगी।मेहमानों की पसंद के हिसाब से बदलेगा खानाविदेशी मेहमानों की डाइट और पसंद को भी मेन्यू तैयार करते समय ध्यान में रखा गया है। होटलों में भारतीय स्वाद को विदेशी खानपान की पसंद के साथ मिलाकर कई तरह के विकल्प तैयार किए जा रहे हैं।लाइव कुकिंग काउंटर्स पर बिना तेल-मसाले के कस्टमाइज्ड कॉन्टिनेंटल नाश्ते की सुविधा भी होगी। जरूरत के हिसाब से मेहमानों के सामने ही खाना तैयार किया जा सकेगा।भारत मंडपम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर की ओर से आयोजित रात्रिभोज में भी देश की पाक विविधता देखने को मिलेगी। इसके लिए अलग-अलग राज्यों के खानसामे मिलकर खास व्यंजन तैयार करेंगे।VVIP मेहमानों के लिए खास इंतजामBRICS सम्मेलन को लेकर लुटियंस दिल्ली के प्रमुख होटलों में भी तैयारियां तेज हैं। ताज महल होटल, ताज पैलेस, ITC मौर्या, द लीला पैलेस, द ओबेराय, शांग्री-ला और द ललित में VVIP मेहमानों के लिए विशेष ब्लॉक बुक किए गए हैं।द ललित में रूस, चीन, संयुक्त अरब अमीरात और दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों के सरकारी और कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं ITC मौर्या, ताज महल होटल और द लीला पैलेस में ब्राजील, रूस, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, ईरान, UAE और सऊदी अरब से आने वाले शीर्ष नेताओं और वरिष्ठ राजनयिकों की मेजबानी की तैयारी है।लखनवी कबाब से बिरयानी तक, देसी स्वाद पर जोरविदेशी राष्ट्राध्यक्षों के लिए भारतीय स्वाद की खास पहचान वाले व्यंजन भी तैयार किए जाएंगे। मेन्यू में लखनवी कबाब, तंदूरी डिशेज और धीमी आंच पर पकाई गई भारतीय ग्रेवी वाले व्यंजन शामिल होंगे।मेहमानों की धार्मिक और व्यक्तिगत खानपान की प्राथमिकताओं को देखते हुए शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग-अलग सेक्शन बनाए गए हैं। दोनों तरह के भोजन के लिए अलग किचन की व्यवस्था भी की गई है।खाने पर भी सुरक्षा की कड़ी निगरानीVVIP मेहमानों के लिए तैयार किए जा रहे इस खास मेन्यू के साथ खाद्य सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है। होटलों में इस्तेमाल होने वाले कच्चे सामान, मसालों और बेकरी उत्पादों की नियमित लैब टेस्टिंग की जा रही है।पांच सितारा होटलों के किचन की निगरानी बढ़ा दी गई है। खाद्य सुरक्षा को लेकर विशेष अधिकारी और सूक्ष्मजीव विज्ञानी तैनात किए जा रहे हैं, जो खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करेंगे।यानी BRICS सम्मेलन में भारत की मेजबानी सिर्फ बैठकों और कूटनीति तक सीमित नहीं रहेगी। विदेशी मेहमानों की थाली में मिलेट्स का देसी स्वाद, अलग-अलग राज्यों की थाली, बिरयानी, कबाब और तंदूरी व्यंजनों के जरिए भारत की सांस्कृतिक और पाक विविधता भी नजर आएगी।