Trending

सपा प्रमुख से मिले पंचायत सहायक प्रतिनिधिमंडल, 2027 में सरकार बनने पर मांगें पूरी करने का मिला आश्वासन

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज पंचायत सहायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट कर उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के 58,672 पंचायत सहायक 7 सितंबर 2026 से लखनऊ के इको गार्डन में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक उनकी सुधि नहीं ली गई है।मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने पंचायत सहायकों के प्रति पूरी सहानुभूति जताते हुए भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उनकी सभी न्यायसंगत मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन पर अमल किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि धरना स्थल पर उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। पीने के पानी की व्यवस्था बाधित है और शौचालयों में ताला डाल दिया गया है।इसके अलावा पुलिस प्रशासन द्वारा कभी भी बल प्रयोग कर धरना समाप्त कराने का भय बना हुआ है। वर्तमान में पंचायत सहायकों को मात्र 6 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जिसे बढ़वाने और सेवा नियमितीकरण की मुख्य मांग को लेकर उनका यह आंदोलन लगातार जारी है। प्रतिनिधिमंडल में अभिषेक यादव (जिलाध्यक्ष), शिवम मिश्रा, आरफ खान, किरन देवी, वंदना देवी और पुष्पा देवी सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।