Trending

BRICS Summit 2026 : मोदी के गाला डिनर में नहीं पहुंचे जिनपिंग, आखिर क्यों बनाई दूरी? वजह आई सामने

New Delhi : भारत की मेजबानी में नई दिल्ली के भव्य भारत मंडपम में आयोजित दो दिवसीय ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन 2026 के पहले दिन का समापन एक शानदार और भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ। शनिवार की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स देशों के शीर्ष नेताओं और विदेशी मेहमानों के सम्मान में एक विशेष गाला डिनर का आयोजन किया था। हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल डिनर में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद शामिल नहीं हुए, जो कूटनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।जिनपिंग और क्राउन प्रिंस की गैरमौजूदगी रही चर्चा में सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार दोपहर ही नई दिल्ली पहुंचे थे और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में भी हिस्सा लिया था, लेकिन डिनर में शामिल होने के बजाय वह सीधे अपने होटल लौट गए। हालांकि उनकी अनुपस्थिति की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि वह आराम करने के लिए होटल गए थे। दूसरी ओर, अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद भी दिनभर के सत्रों में हिस्सा लेने के बाद अपने देश वापस लौट चुके थे। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत अन्य सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष इस डिनर में पूरे उत्साह के साथ मौजूद रहे।दिग्गज नेताओं और मुख्यमंत्रियों का जमावड़ा इस राजकीय रात्रिभोज में देश की राजनीति के कई दिग्गज चेहरे भी शामिल हुए। केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की। इसके अलावा लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, जिनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, पश्चिम बंगाल के शुभेंदु अधिकारी और असम के हिमंत बिस्वा सरमा शामिल थे, संसद भवन से विशेष बसों द्वारा भारत मंडपम पहुंचे।शाही भारतीय व्यंजन और ‘ब्रिक्स सिम्फनी’ की सांस्कृतिक प्रस्तुति मेजबान भारत की ओर से मेहमानों के लिए खास शाकाहारी और पारंपरिक व्यंजनों का प्रबंध किया गया था। डिनर के मेन्यू में खंडवी मिले-फुई, खुम्ब गलौटी, पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक, गाजर-फली पोरियल, चुकंदर रायता और मिलेट पुलाव परोसे गए, जबकि मीठे में ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी और शहतूत फिरनी ने डिनर में चार चांद लगा दिए। खाने के साथ-साथ विदेश मंत्रालय की संस्था ICCR द्वारा आयोजित ‘BRICS Symphony One Rhythm, Many Cultures’ कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें 160 कलाकारों ने भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, ओडिसी और कथक जैसी भारतीय कलाओं के साथ-साथ ब्रिक्स देशों के संगीत का अनूठा संगम पेश किया।