6 साल पुराने जख्म पर जीत का मरहम, ज्वेरेव बने यूएस ओपन 2026 चैंपियन

जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने यूएस ओपन 2026 मेंस सिंगल्स का खिताब जीता. फाइनल में उनका मुकाबला अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी बेन शेल्टन से था. दोनों के बीच 3 घंटे से भी ज्यादा समय तक चले इस मैच में ज्वेरेव ने 6-3, 7-6(2), 5-7, 6-2 से खिताब को अपने नाम किया. इस तरह ज्वेरेव ने अपने करियर का 26वां टाइटल अपने नाम किया.

ज्वेरेव ने 2026 की शुरुआत अपने नाम एक भी ग्रैंड स्लैम ट्रॉफी के बिना की थी, लेकिन वे इस सीजन का अंत अब दो ट्रॉफियों के साथ करेंगे. यूएस ओपन के अलावा उन्होंने इस साल फ्रेंच ओपन का खिताब भी अपने नाम किया है. इस तरह दुनिया के नंबर-2 मेंस टेनिस खिलाड़ी ने इस सीजन का बेहतरीन समापन किया.

6 साल पहले 2020 में भी ज्वेरेव यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे थे. इस फाइनल में उनके सामने डोमिनिक थीम थे. फाइनल के शुरू होते ही ज्वेरेव ने अपना दबदबा बना लिया था और पहले दो सेट जीतकर मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन अलेक्जेंडर ज्वेरेव वह खिताबी मुकाबला हार गए.

@usopen

उस दिल तोड़ देने वाले हार के ठीक 6 साल बाद वह एक बार फिर से यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे और इस बार उनके सामने 23 साल के लोकल बॉय बेन शेल्टन थे, लेकिन इस बार ज्वेरेव ने कोई चूक नहीं की. इस तरह जर्मन स्टार ज्वेरेव ने बिना किसी गलती के 6 साल पुराने जख्म को भर दिया.

बेन शेल्टन करियर में पहली बार यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे थे. उनके सामने 2003 के बाद यूएस ओपन टाइटल जीतने वाले पहले अमेरिकी खिलाड़ी बनने का मौका था, लेकिन वह चूक गए. आखिरी बार अमेरिका के लिए एंडी रोडिक ने 2003 में यह खिताब जीता था.

सिर्फ इतना ही नहीं, शेल्टन के पास 54 साल बाद नया इतिहास रचने का भी मौका था. शेल्टन 1972 के बाद पहले अश्वेत अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी थे जिन्होंने यूएस ओपन के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी. उन्होंने सेमीफाइनल में अपने ही हमवतन अश्वेत अमेरिकी फ्रांसिस टियाफो को हराया था.