डेविस कप: नागल-चुंग की भिड़ंत से पहले भारतीय खिलाड़ी ने बताया जीत का फॉर्मूला
शीर्ष भारतीय एकल खिलाड़ी सुमित नागल ने गुरुवार को कहा कि चुनौतीपूर्ण धीमे कोर्ट पर कोरिया के खिलाफ डेविस कप क्वालीफायर इस बात पर निर्भर करेगा कि किसमें जीतने की इच्छाशक्ति अधिक है। नागल का सामना दूसरे एकल मुकाबले में कोरिया के दिग्गज हियोन चुंग से होगा। दक्षिणेश्वर सुरेश पहले मैच में कोरिया के शीर्ष खिलाड़ी क्वोन सुन वू से खेलेंगे।
नागल ने ड्रॉ के बाद कहा ,‘‘ डेविस कप में व्यक्तिगत नतीजे मायने नहीं रखते। वह अपने कोर्ट पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगा और बेहतरीन खिलाड़ी भी है। मैने कई बार उनके साथ अभ्यास किया है और युगल मुकाबले खेले भी हैं।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ मेरे खेलने तक शाम के चार बज जायेंगे और कोर्ट धीमा हो जायेगा। इसमें नतीजा इस पर निर्भर करेगा कि जीतने की इच्छाशक्ति किसमें अधिक है। प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कोई खास हथियार नहीं है , बस यही है कि कौन जीतना अधिक चाहता है।’’ चुंग ने कहा ,‘‘ मैं सुमित को जानता हूं और वह बेसलाइन का शानदार खिलाड़ी है। मुझे काफी मूवमेंट करने होंगे।’’

युगल में एन श्रीराम बालाजी और निकी पूनाचा खेलेंगे। पूनाचा को युकी भांबरी के चोटिल होने के कारण ऐन मौके पर शामिल किया गया है। भारतीय कप्तान रोहित राजपाल ने कहा कि कोर्ट को देखते हुए अनिरूद्ध चंद्रशेखर की जगह निकी पूनाचा को लेने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा ,‘‘ यह कोर्ट को देखते हुए तय किया गया। हमें लगा कि निकी बेहतर विकल्प है , कोई और कारण नहीं था। मेरे सभी खिलाड़ी बेहतरीन हैं।’’