बेटियों के खेल पर पहली बार लगा दांव, 25 हजार तक पहुंची बोली
लखनऊ। लखनऊ में पहली बार बेटियों को खेलने के लिए पैसे मिलेंगे। लखनऊ वुमेन्स प्रीमियर लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई। शुक्रवार को हुई इस नीलामी में करीब दो दर्जन रेटिंग खिलाड़ियों पर फ्रैंचाईजी ने 25-25 हज़ार रुपये बरसाये। सबसे अधिक बेस प्राइस 10 हज़ार रुपये रखा गया था और बोली की सीमा अधिकतम 25 हज़ार रुपये थी।
लखनऊ वुमेन्स प्रीमियर लीग
नीलामी की शुरुआत क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष एवं लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल, सीएएल के सचिव के एम खान, लीग के कमिश्नर एस पी मिश्रा, डिप्टी कमिश्नर प्रियंका शैली ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर प्रख्यात पत्रकार वंदना मिश्रा की महिला क्रिकेट पर लिखी गई किताब का विमोचन भी डॉ. नवनीत सहगल ने किया।

नीलामी में छह फ्रैंचाईजी टीमों के मलिक, कोच और एक्सपर्ट शामिल हुए। सभी रेटिंग खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाने के कांटे की होड़ थी। इन खिलाड़ियों को खरीदने के लिए सभी टीमों ने अधिकतम 25 हज़ार रुपये की बोली लगाई। ऐसे में टीमों के लिए लॉटरी निकली गई। इसमें जिस टीम की लाटरी निकली उसे वह खिलाड़ी दिया गया।
सबसे ज्यादा रेटिंग खिलाड़ी लखनऊ चैलेंजर्स और लखनऊ नवाबी क्वीन्स में
फ्रेंचाइजी के पर्स में पहले दो लाख रुपये रखे गए थे। बाद में चेयरमैन डा. नवनीत सहगल ने इसे बढ़ाकर 2.5 लाख कर दिए। इसके बाद फ्रेंचाइजी खिलाड़ी खरीदने में दिल खोलकर पैसे खर्च किए। करीब दो दर्जन रेटिंग खिलाड़ी 25-25 हजार रुपये में बिके। इनमें अरोमा त्यागी (24.5 हजार) को छोड़कर सभी खिलाड़ियों के लिए इतनी होड़ थी की लाटरी निकाली गई।

लखनऊ नवाबी क्वीन्स और आरईपीएल लखनऊ चैलेंजर्स ने सबसे ज्यादा छह-छह रेटिंग वाले खिलाड़ी खरीदे। इसके बाद फोर स्क्वायर वारियर्स ने पांच, लखनऊ शेरनी ने चार, सेज फाल्कन ने तीन, रहीमाबाद रायल्स ने दो रेटिंग वाले खिलाड़ी खरीदे।

इसके अलावा बाकी सभी खिलाड़ियों का बेसप्राइस 3000 रुपये रखा गया है। इनकी अधिकतम बोली 5000 रुपये निर्धारित की गई है। इसमें फ्रेंचाइजी को छूट गई है कि वे अपनी मनपसंद के खिलाड़ी चुन सकते हैं। जिस खिलाड़ी को दो या उससे अधिक फ्रेंचाइजी चाहती होंगी उसके लिए बोली लगाई जाएगी। देर शाम तक खिलाड़ियों की नीलामी जारी थी।
किस खिलाड़ी को किसने और कितने में खरीदा
लखनऊ नवाबी क्वीन्स (6 खिलाड़ी): अरोमा त्यागी (24.5 हजार), प्रियांशी पांडेय, अन्वेषा चटर्जी, सना खान, अरीशा मुस्तफा और शशिबाला।
रहीमाबाद रॉयल्स (2 खिलाड़ी): काजल टमटा और धुन पिमोली।
आरईपीएल लखनऊ चैलेंजर्स (6 खिलाड़ी): प्रियांशी यादव, अनुष्का श्रीवास्तव, चांदनी शर्मा, अविका जैन, आकांक्षा सिंह और भूमिका।
फोर स्क्वायर लखनऊ वारियर्स (5 खिलाड़ी): शिल्पी यादव, पीशा गुप्ता, संध्या यादव, तान्या सिंह और अपेक्षा मणि त्रिपाठी।
लखनऊ शेरनीज (4 खिलाड़ी): अंशु तिवारी, संध्या क्षेत्री, आयुषी श्रीवास्तव और अक्शा खान।
सेज फाल्कन (3 खिलाड़ी): आरजू, सोनाली और सरगुन यादव।