गोल्ड के लिए भिड़ेंगी भारत और श्रीलंका, शेफाली-मंधाना-हरमनप्रीत की बल्लेबाजी पर नजर

एशियाई खेल-2026 के महिला क्रिकेट के स्वर्ण पदक मुकाबले में मंगलवार को भारत का सामना श्रीलंका से होगा। लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश में भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और कप्तान हरमनप्रीत कौर की बल्लेबाजी अहम भूमिका निभाएगी। दोनों टीमें कुछ ही दिन पहले एशिया कप के फाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं।

शेफाली वर्मा मौजूदा समय में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में अपना पहला टी-20 शतक लगाया। इसके साथ ही शेफाली महिला टी-20 में 100 छक्के पूरे करने वाली दूसरी भारतीय बनीं। उनके नाम अब 104 छक्के हैं, जो किसी भारतीय बल्लेबाज के सर्वाधिक छक्के हैं।

अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट को मिलाकर टी20 नॉकआउट मुकाबलों में शेफाली ने 35.40 की औसत और 159.45 के स्ट्राइक रेट से 354 रन बनाए हैं। जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन है।

साभार : गूगल

स्मृति मंधाना ने भी टी-20 नॉकआउट मुकाबलों में प्रभावी प्रदर्शन किया है। उन्होंने 25.30 की औसत और 132.12 के स्ट्राइक रेट से 329 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इस साल महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए बनाया गया 87 रन है।

कप्तान हरमनप्रीत कौर का नॉकआउट मुकाबलों में रिकॉर्ड तीनों बल्लेबाजों में सबसे अधिक निरंतर रहा है। उन्होंने 324 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 66 रन है, जो उन्होंने 2025 महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में मुंबई इंडियंस से दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बनाया था।

भारत : स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, गुणालन कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव।

श्रीलंका : इमेशा दुलानी, चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हरशिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुडी प्रबोधा, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेव्वंडी, निमाशा मीपेज, संजना कविंदी, अनुष्का संजीवनी।