मेरठ के कंकरखेड़ा में उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम के रीजनल ऑफिस का उद्घाटन, वीर नारियों का सम्मान

मेरठ ( सरिता त्रिपाठी) : मेरठ के कंकरखेड़ा डिफेंस एंक्लेव स्थित उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के रीजनल ऑफिस का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। उद्घाटन मंत्री सोमेंद्र तोमर, विधायक अमित अग्रवाल और जिलाधिकारी ने किया। इसके बाद वीर नारियों को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (UP Purva Sainik Kalyan Nigam Limited – UPPSKNL) उत्तर प्रदेश सरकार का एक उपक्रम एवं देश का पहला पूर्व सैनिक निगम है, जिसकी स्थापना 23 मई 1989 को की गई थी।इसका मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों (पूर्व सैनिकों), युद्ध विधवाओं (वीर नारियों) और उनके आश्रितों का पुनर्बलन, प्रशिक्षण और उन्हें सम्मानजनक रोजगार व आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। यह निगम विभिन्न सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, स्थानीय निकायों और संस्थानों में सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर तथा अन्य आवश्यक पदों पर पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को संविदा (आउटसोर्सिंग) पर रोजगार मुहैया कराता है।इसका प्रशासनिक नियंत्रण एक प्रबंध निदेशक (सामान्यतः मेजर जनरल या समकक्ष रैंक के सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी) द्वारा किया जाता है। प्रदेशभर में इसके कई क्षेत्रीय कार्यालय कार्यरत हैं।